न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 26 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, शुद्ध जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण एवं कानपुर ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर श्याम नगर स्थित परिणय गेस्ट हाउस में गोष्ठी एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. दिनेश शर्मा ने आपातकाल पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन कर किया। इसके उपरांत उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 25 जून 1975 का आपातकाल भारतीय लोकतंत्र पर किया गया सबसे बड़ा प्रहार था। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने सत्ता के संरक्षण के लिए संविधान की मूल भावना को कुचलते हुए देशवासियों के मौलिक अधिकारों का हनन किया। प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई, विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं हजारों लोकतंत्र सेनानियों को बिना किसी अपराध के जेलों में बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले उन सभी सेनानियों का देश सदैव ऋणी रहेगा।
डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी देश की नई पीढ़ी को आपातकाल की वास्तविकता से अवगत कराने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि लोकतंत्र की रक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बनी रहे और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति कभी न हो।
कार्यक्रम के दौरान 31 लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मानित लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल के दौरान जेल में बिताए गए अपने संघर्षपूर्ण दिनों के संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार लोकतंत्र की रक्षा के लिए उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना किया, यातनाएं सही, लेकिन अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनके अनुभवों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं युवाओं को भावुक और प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कानपुर दक्षिण के जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित तथा कानपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष उपेंद्र पासवान ने सभी अतिथियों एवं लोकतंत्र सेनानियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा एवं संविधान की गरिमा बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों का योगदान देश कभी नहीं भूल सकता।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से रघुनंदन भदौरिया, सुरेश अवस्थी जिला महामंत्री गणेश शुक्ला जी जसविंदर सिंह जी अर्जुन बेरिया जी श्याम नगर मंडल अध्यक्ष गौरव चतुर्वेदी जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी आशीष साहू मधु तिवारी प्रवीण मिश्रा एलबी सिंह पटेल नीरज शशांक मिश्रा भदोरिया तेज बहादुर सिंह ममता राजपूत अमन शुक्ला वंदना गुप्ता जितेंद्र सचान जितेंद्र सिंह राजन चौहान भावना उदानी भारत छट्टानी रोली तिवारी हरिशंकर शुक्ला सहित तीनों जिलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता, लोकतंत्र सेनानी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें