न्याय धारा/ कानपुर नगर, अयोध्या । शनिवार 27 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, शुद्ध जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। अयोध्या राम मंदिर के कथित चढ़ावा और चांदी की शिलाओं की चोरी के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले को लेकर अब सियासत भी तेज होती दिख रही है। सिंधी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अंशवानी ने मामले में दावा करने वाले राजू मनवानी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एसआईटी जांच की मांग की है।
अशोक अंशवानी ने कहा कि राजू मनवानी पहले कई राजनीतिक दलों से जुड़े रहे हैं और उन पर आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि 200 चांदी की शिलाओं की चोरी का आरोप तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है तथा अब तक की जांच में ऐसी किसी चोरी की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। अंशवानी ने कहा कि पूरे मामले, राजू मनवानी के दावों और अन्य संबंधित तथ्यों की निष्पक्ष एसआईटी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। सिंधी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश से प्राप्त चंदे का पूरा विवरण सार्वजनिक होना चाहिए। उनका कहना है कि यदि कहीं किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पूरे मामले में दूध का दूध और पानी का पानी हो सकेगा।
अंशवानी ने आरोप लगाया कि इस विवाद और लगाए गए आरोपों से सिंधी समाज की धार्मिक आस्था भी आहत हुई है। उन्होंने कहा कि समाज चाहता है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी तथ्य हों, वे जनता के सामने लाए जाएं। गौरतलब है कि यह मामला पहले से ही चर्चा में है और विभिन्न पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में अब इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग और तेज हो गई है।

addComments
एक टिप्पणी भेजें