Customised Ads
लखनऊ में हुए दुखद अग्निकांड में दिवंगत विद्यार्थियों को भाजपा कानपुर दक्षिण ने दी श्रद्धांजलि, सभी कार्यक्रम किए निरस्त

न्याय धारा/ कानपुर नगर। मंगलवार 23 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, शुद्ध जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की नवमी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में कई विद्यार्थियों की असामयिक मृत्यु से शोकाकुल भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण द्वारा आज निर्धारित सभी संगठनात्मक कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए।

जिला कार्यालय सभागार में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल जी एवं जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह जी के नेतृत्व में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल जी ने कहा कि लखनऊ में हुई यह अत्यंत हृदय विदारक घटना पूरे प्रदेश के लिए दुःखद एवं पीड़ादायक है। मासूम विद्यार्थियों का इस प्रकार असमय काल के गाल में समा जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। भारतीय जनता पार्टी इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करती है।

भाजपा कानपुर उत्तरी द्वारा गहरे शोक के साथ श्रद्धांजलि देते 
जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह जी ने कहा कि विद्यार्थियों का सुरक्षित वातावरण में अध्ययन करना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार की घटनाएं हम सभी को सुरक्षा मानकों के प्रति और अधिक सजग रहने का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता दिवंगत विद्यार्थियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के साथ अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट करते हैं।

श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से पूनम द्विवेदी जी, अनीता गुप्ता जी, गणेश शुक्ला जसविंदर सिंह जी, अर्जुन बेरिया जी, पवन दीक्षित जी, एल बी सिंह पटेल जितेंद्र सिंह पप्पू पंडित मधु तिवारी जी सूरेश मोदी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ