न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 18 जून 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, शुद्ध जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की तृतीया, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के कानपुर आगमन पर हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्षों द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री जी सीसामऊ में आयोजित प्राकृतिक कृषि प्रोत्साहन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है, जिससे खेती की लागत कम होगी, भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी तथा किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करते हुए प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है तथा प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों द्वारा उपस्थित किसानों को प्राकृतिक खेती की विभिन्न तकनीकों, जैविक उर्वरकों के प्रयोग, कम लागत में अधिक उत्पादन तथा कृषि को लाभकारी बनाने के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने किसानों को गो-आधारित प्राकृतिक खेती, जीवामृत, बीजामृत तथा अन्य पारंपरिक तरीकों के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनेक किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें