Customised Ads
यशोदा नगर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा, भक्तों का उमड़ा सैलाब

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 13 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। यशोदा नगर के ओ-ब्लॉक में श्रीमद् भागवत कथा का सात दिवसीय आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ चल रहा है। 9 जून से प्रारंभ हुई इस कथा में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कर रहे हैं।

कथा व्यास पीठ पर श्रीधाम वृंदावन से पधारे परम पूज्य भगवताचार्य आचार्य श्री गौरव कृष्ण महाराज विराजमान हैं। उन्होंने पहले दिन कलश शोभायात्रा के बाद कथा का शुभारंभ करते हुए कहा कि भागवत कथा कलियुग में जीव के कल्याण का सबसे सरल और प्रभावी मार्ग है। कथा के दौरान श्रद्धालु भजनों, कीर्तन और प्रवचन पर भावविभोर हो रहे हैं।

आयोजन के संस्थापक आचार्य पंडित आनंद तिवारी जी ने बताया कि 15 जून तक प्रतिदिन कथा का आयोजन होगा। 16 जून मंगलवार को हवन एवं महाप्रसाद वितरण के साथ कथा का समापन किया जाएगा। कथा स्थल पर युवा मोर्चा भाजपा कानपुर दक्षिण के यशोदा नगर मण्डल अध्यक्ष अनिकेत तिवारी (गोपाल) सहित आयोजन समिति के सदस्य व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं। श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई है।

इस कथा के संबंध में वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी, राहुल, धीरेंद्र, अभिषेक आयुष दिव्यांश ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि शेष बचे दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित करें।

टिप्पणियाँ