न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 11 जून 2026 (सूत्र/सूवि/पीआईबी/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की एकादशी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। उद्यमियों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु मण्डलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में बुधवार को मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार द्वारा किया गया।
बैठक में अपर श्रमायुक्त कानपुर परिक्षेत्र, मुख्य अभियंता दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, अधीक्षण अभियंता केस्को, अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी, उपायुक्त जीएसटी, नगर निगम कानपुर, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), जलकल विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, यूपीसीडा, उद्योग विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।
बैठक में कानपुर के औद्योगिक क्षेत्रों में सीवर लाइन डाले जाने की प्रगति की समीक्षा की गई। उप महाप्रबंधक यूपीसीडा ने बताया कि पनकी औद्योगिक क्षेत्र साइट-1, 2, 3, 4 एवं 5 के एसटीपी का आंगणन उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा उपलब्ध करा दिया गया है तथा शासन स्तर पर अनुमति की कार्यवाही प्रचलित है।दादानगर सब-स्टेशन के लिए भूमि चिन्हांकन के संबंध में अधीक्षण अभियंता केस्को ने अवगत कराया कि भूमि उपलब्ध हो चुकी है तथा सब-स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस पर समिति द्वारा प्रकरण के निस्तारण का निर्णय लिया गया। फजलगंज क्षेत्र अंतर्गत चक-84 में सीवर लाइन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा छह लोगों को सीवर कनेक्शन भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। उद्यमी संगठनों से अधिक से अधिक लोगों को कनेक्शन लेने हेतु प्रेरित करने का अनुरोध किया गया। इसके बाद उक्त प्रकरण को भी निक्षेपित कर दिया गया।
एलएमएल चौराहे से भौंती बाईपास तक ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण एवं वृक्षारोपण के मुद्दे पर नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समिति ने निर्णय लिया कि क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण के साथ उसके रख-रखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्रीन बेल्ट में बार-बार हो रहे अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त कानपुर नगर को पत्र भेजकर संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया जाएगा।
बैठक में नगर निगम को कानपुर नगर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों एवं नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पनकी अग्निशमन केंद्र के प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में होने की जानकारी दी गई। उद्यमियों ने बताया कि वर्तमान में अग्निशमन दल कम समय में घटनास्थल तक पहुंच रहा है, जिसके लिए उन्होंने मण्डलायुक्त का आभार व्यक्त किया। उद्यमियों के अनुरोध पर इस प्रकरण का भी निस्तारण कर दिया गया। दादानगर से विजय नगर जाने वाली लेन को मोटरेबल बनाने का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश अधिशाषी अभियंता, उत्तर प्रदेश जल निगम (पेयजल) को दिए गए।
बैठक के अंत में उद्यमी संगठनों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए मण्डलायुक्त का आभार व्यक्त किया। सचिव/संयुक्त आयुक्त उद्योग, कानपुर मंडल द्वारा उपस्थित अधिकारियों, उद्यमियों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की गई।

addComments
एक टिप्पणी भेजें