Customised Ads
मन की बात' को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा कानपुर उत्तर ने कसी कमर, बूथ स्तर पर होगी व्यापक सुनवाई

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 26 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, शुद्ध जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के आगामी प्रसारण को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक जिला कार्यालय, नवीन मार्केट में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों के साथ प्रधानमंत्री का आत्मीय संवाद है, जो समाज में सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी मंडल एवं बूथ पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी अंतिम रविवार को प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम का सुनियोजित आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, प्रबुद्धजनों एवं प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का सफल और प्रभावी आयोजन हो सके। बैठक में मंडलवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, लाभार्थियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा कार्यक्रम को जन-उत्सव के रूप में मनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक बूथ पर 'मन की बात' कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में प्रमुख रूप से जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा,महामंत्री अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह,सीमा एमबीए,मंत्री मोनेन्द्र राजपूत,पूनम कंवर,जीतू कश्यप,प्रभाकर अवस्थी,सुरेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ