Customised Ads
राजमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा – प्रकाश पाल

न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 31 मई 2026 (सूत्र/सूवि/पीआईबी/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। पुण्यश्लोक राजमाता अहिल्याबाई होलकर की जन्म जयंती के अवसर पर कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय संस्कृति, धर्म, सुशासन और लोककल्याण की अद्वितीय प्रतीक थीं। उनका जीवन समाज सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

प्रकाश पाल ने कहा कि भारतीय इतिहास में ‘पुण्यश्लोक’ की उपाधि अत्यंत सम्मानजनक मानी जाती है। यह उपाधि राजा नल, धर्मराज युधिष्ठिर और राजमाता अहिल्याबाई होलकर जैसे महान विभूतियों को प्राप्त हुई, जिन्होंने धर्म, न्याय और लोककल्याण की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने देशभर में मठों, मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं, कुओं, बावड़ियों और जलाशयों का निर्माण कर समाज के प्रति अपनी सेवा भावना का परिचय दिया। उनके द्वारा कराए गए धार्मिक एवं सामाजिक कार्य आज भी जनमानस को प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राजमाता अहिल्याबाई होलकर ने समाज के उत्थान और सांस्कृतिक चेतना के संरक्षण के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उसी प्रकार देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भारत की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने और राष्ट्र को विश्व पटल पर गौरवशाली स्थान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी सांस्कृतिक पहचान, आध्यात्मिक विरासत और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

प्रकाश पाल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्श वर्तमान पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हमें समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए कार्य करना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह अदालतों में न्याय की देवी को आंख में पट्टी बांध कर रखा गया वहां अगर लोक माता अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा लगा कर न्याय की प्रतिमा लगे क्यूंकि लोक माता ने अपने ही बेटे को गाय का बछड़ा रथ से कुचल जाने पर मृत्यु दंड का आदेश दे दिया था ऐसी अद्वितीय मिशाल और कहां देखी और सुनी जाएगी ।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह अरुण पाल  मोहित सोनकर आलोक शुक्ला जिला महामंत्री गणेश शुक्ला अर्जुन बेरिया संजीव बेरी पवन दीक्षित एल बी पटेल तेज बहादुर अर्शी सुल्तान ऋषभ शुक्ला मनु सिंह सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राजमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ