Customised Ads
भाजपा का डिजिटल लर्निंग महाअभियान 23 जून से 6 जुलाई तक, कार्यकर्ताओं को मिलेगा ऑनलाइन प्रशिक्षण

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 27 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, शुद्ध जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की जिला कार्यशाला आज जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में सम्पन्न हुई। कार्यशाला में संगठन के प्रशिक्षण अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम का शुभारंभ किया था। अब यह अभियान 23 जून से प्रारंभ होकर 6 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान संगठन को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम, सशक्त तथा संवादशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर प्रशिक्षण से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं को संयोजक बनाया गया है। जिले, मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ समितियों, मोर्चों, प्रकोष्ठों तथा प्रत्येक सक्रिय कार्यकर्ता के लिए इस प्रशिक्षण में सहभागिता अनिवार्य की गई है।

जिला अध्यक्ष ने बताया कि यह ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 वैकल्पिक भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इसमें चार प्रमुख विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें भाजपा का परिचय, मोदी सरकार की प्रमुख लाभार्थी योजनाएं, नमो ऐप तथा भाजपा के प्रमुख संगठनात्मक कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ता मोबाइल के माध्यम से पाठ्य सामग्री पढ़ेंगे, वीडियो देखेंगे, ऑडियो सुनेंगे तथा प्रश्नोत्तरी में भाग लेंगे। कोर्स पूर्ण करने पर प्रतिभागियों को क्रेडिट बैज और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिसे सोशल मीडिया पर साझा करना होगा।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि इस अभियान के लिए जिला उपाध्यक्ष डॉ.जन्मेजय सिंह को संयोजक व पारस मदान,जीतू कश्यप को सहसंयोजक बनाया गया है।

टिप्पणियाँ