Customised Ads
20 जून को कलेक्ट्रेट परिसर में होगी निष्प्रयोज्य चल सम्पत्तियों की नीलामी

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 12 जून 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी /संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की द्वादशी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। अपर जिलाधिकारी (नगर) ने जनसामान्य को सूचित किया है कि कलेक्ट्रेट परिसर, कानपुर नगर स्थित नजारत अनुभाग की निष्प्रयोज्य चल सम्पत्तियों की सार्वजनिक नीलामी 20 जून, 2026 को अपराह्न 4:00 बजे कलेक्ट्रेट बैठक हॉल में संपादित की जाएगी। नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति एवं बोलीदाता निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर प्रतिभाग कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि नीलामी से संबंधित नियम एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी किसी भी कार्य दिवस में नाजिर सदर, कलेक्ट्रेट नजारत अनुभाग से प्राप्त की जा सकती है। नीलामी में भाग लेने वाले प्रत्येक बोलीदाता को अपना जीएसटी पंजीकरण संख्या (यदि लागू हो) तथा एक वैध पहचान पत्र की छायाप्रति उपलब्ध करानी होगी।

नीलामी प्रक्रिया में प्रतिभाग करने के लिए इच्छुक व्यक्तियों को जमानत धनराशि के रूप में 5,000 रुपये अग्रिम रूप से नायब नाजिर कैश, कलेक्ट्रेट नजारत अनुभाग, कानपुर नगर में जमा करानी होगी। उच्चतम बोलीदाता को नीलामी धनराशि का आधा भाग तत्काल जमा करना होगा, जबकि शेष धनराशि नीलामी स्वीकृति के एक सप्ताह के भीतर देय वाणिज्य कर एवं अन्य प्रासंगिक करों सहित जमा करनी होगी। पूर्ण धनराशि जमा होने के उपरांत संबंधित चल सम्पत्ति हस्तांतरित की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी (नगर) ने बताया कि नीलामी की जाने वाली सम्पत्तियां “जहां हैं और जिस स्थिति में हैं” के आधार पर प्रदान की जाएंगी। अतः इच्छुक व्यक्ति नीलामी में भाग लेने से पूर्व संबंधित सामग्री का निरीक्षण कर सकते हैं। नीलामी की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जाएगी तथा सर्वाधिक बोली लगाने वाले पात्र बोलीदाता के पक्ष में नीलामी पूर्ण की जाएगी।

टिप्पणियाँ