Customised Ads
सीएसजेएमयू कानपुर में 15 जून तक प्रवेश की तारीख बढ़ाई गई

न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 01जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना देख रहे छात्र-छात्राओं के लिए एक बेहद सुखद और राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय में एडमिशन की तारीख 15 जून तक बढ़ा दी है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब विद्यार्थी 15 जून 2026 तक बिना किसी विलंब शुल्क के अपना आवेदन कर सकेंगे।

इससे पहले प्रवेश प्रक्रिया की समय सीमा समाप्त होने के करीब थी, जिससे हजारों विद्यार्थी आवेदन करने से वंचित रह जाने की आशंका से काफी चिंतित थे। इस फैसले के बाद प्रदेश भर के उन छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है, जो दस्तावेजों की कमी या अन्य किसी कारणवश अब तक अपना पंजीकरण नहीं करा सके थे।

विश्वविद्यालय स्तर पर प्रवेश समिति की हालिया बैठक में यह बात सामने आई थी कि अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी हैं, जो प्रवेश प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बन पाए हैं। हाल ही में विभिन्न बोर्डों (यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई) की ओर से जारी हुए परीक्षा परिणामों के बाद, ग्रामीण अंचलों में सर्वर डाउन रहने और साइबर कैफे पर अत्यधिक भीड़ होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन व्यावहारिक समस्याओं और विभिन्न छात्र संगठनों की मांग को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने यह छात्र-अनुकूल फैसला लिया है।

टिप्पणियाँ