Customised Ads
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम - योगेंद्र उपाध्याय

न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 04 जून 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की चतुर्थी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। वैश्विक पटल पर भारत को नई पहचान, अभूतपूर्व सम्मान एवं सशक्त नेतृत्व प्रदान करने वाले विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता एवं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की पूर्व तैयारियों एवं कार्ययोजना के संबंध में आज प्रभार जनपद कानपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय जी ने मीडिया बंधुओं के साथ विस्तृत संवाद किया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा, सेवा एवं गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त की हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रणनीतिक क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 5 जून से 21 जून तक चलाए जाने वाले विशेष जनसंपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत "एक पेड़ मां के नाम", विकसित भारत संकल्प अभियान, चौपाल, संगोष्ठियां, प्रेस वार्ताएं, लाभार्थी संपर्क अभियान, प्रदर्शनी, योग दिवस कार्यक्रम सहित विभिन्न रचनात्मक एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

श्री उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, हर घर जल, किसान सम्मान निधि तथा महिला सशक्तिकरण जैसे अनेक क्षेत्रों में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। इन 12 वर्षों में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकार की उपलब्धियों को बताने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि देश के विकास में जनभागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने का एक व्यापक प्रयास है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने का कार्य करेगा। प्रेस वार्ता के दौरान आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई तथा जनपद कानपुर में अभियान को सफल बनाने हेतु संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण के जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह जी, कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष श्री अनिल दीक्षित जी, कानपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष उपेंद्र पासवान जी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ