Customised Ads
श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना हुआ साकार, बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर घंटाघर में मना उत्सव

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 09 मई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की सप्तमी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर।  पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय एवं भाजपा सरकार के गठन के उपलक्ष्य में आज कानपुर के ऐतिहासिक घंटाघर चौराहे पर भारत माता की प्रतिमा के समक्ष भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बंगाल के प्रथम भाजपा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण बड़ी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया, जिसे भाजपा एवं व्यापार मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक देखा।

कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण के अध्यक्ष शिव राम सिंह शिवराम सिंह, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा एवं क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं जनता पर पुष्प वर्षा कर ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत कार्यकर्ताओं एवं जनता के बीच बंगाल की प्रसिद्ध पारंपरिक खाद्य सामग्री “झालमुड़ी” का वितरण किया गया। झालमुड़ी प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे कार्यक्रम में बंगाल विजय का उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना साकार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल के लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं के वर्षों के त्याग, तपस्या और संघर्ष को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि “गंगोत्री से गंगा सागर तक गंगा का अविरल प्रवाह अब विकास और सुशासन के रूप में दिखाई देगा।”

प्रकाश पाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडी गठबंधन द्वारा संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करना उन्हें भारी पड़ गया। मातृ शक्ति के आक्रोश ने विपक्ष को राजनीतिक रूप से पराजित कर दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब भय, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति से मुक्ति चाहती थी और भाजपा सरकार के गठन के साथ स्वर्णिम बंगाल का सपना अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार बंगाल में सुशासन, महिला सुरक्षा, उद्योग, रोजगार एवं सांस्कृतिक गौरव को नई दिशा देने का कार्य करेगी। बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों पर विश्वास जताकर इतिहास रच दिया है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा,जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, सुनील साहू, रमाशंकर अग्रहरि, व्यापारी नेता राहुल दीक्षित, सुधीर द्विवेदी,पारस नाथ शर्मा प्रांजुल गुप्ता,अवध बिहारी शर्मा सुरेश गुप्ता नितेश सोनकर, कृष्णा तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ