Customised Ads
एम्बुलेंस के पहुँचने से पूर्व ही पुलिस बल तैनात कर आवागमन सुचारू किया जाएगा - पुलिस उपायुक्त यातायात

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 16 मई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। कानपुर नगर में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था हेतु दिनांक 31.03.2026 को पुलिस ऑफिस सभागार, कानपुर नगर में आपातकालीन (लाइफ थ्रेटनिंग) परिस्थितियों में मरीजों को शीघ्र, सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से अस्पताल पहुँचाने के उद्देश्य से एक समन्वय गोष्ठी/बैठक आयोजित की थी।

गोष्ठी में  एम्बुलेंस को त्वरित एवं बाधारहित आवागमन सुनिश्चित करने हेतु ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत Integrated Command and Control Centre (ICCC) में एक समर्पित ग्रीन कॉरिडोर सेल स्थापित किया गया है, जो 24×7 तीन शिफ्टों में संचालित होकर एम्बुलेंस मूवमेंट की रियल टाइम मॉनिटरिंग, समन्वय एवं ट्रैफिक प्रबंधन करेगा। 

कंट्रोल रूम में उपलब्ध लाइव सीसीटीवी कैमरों एवं गूगल मैप्स के माध्यम से एम्बुलेंस की सतत निगरानी की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार फील्ड यूनिट्स को तत्काल निर्देशित किया जाएगा।इस हेतु सीयूजी/हेल्पलाइन नंबर- 9454402413 जारी किया गया है, जिस पर एम्बुलेंस चालक कॉल, मैसेज, व्हाट्सएप कॉल अथवा लाइव लोकेशन साझा कर सकते हैं । सूचना प्राप्त होने पर संबंधित मार्ग पर तैनात ट्रैफिक पुलिस / स्थानीय थाना पुलिस को अलर्ट कर प्राथमिकता के आधार पर मार्ग को ट्रैफिक मुक्त कराया जाएगा। संभावित जाम अथवा अवरोध वाले स्थानों पर एम्बुलेंस के पहुँचने से पूर्व ही पुलिस बल तैनात कर आवागमन सुचारू किया जाएगा, जिससे मरीज को न्यूनतम समय में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

टिप्पणियाँ