न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 13 मई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की एकादशी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। आज पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार द्वारा यातायात की सुगमता हेतु शहर के प्रमुख स्थानों — हैलेट अस्पताल मार्ग, मरियमपुर चौराहा, फज़ल गंज चौराहे एवं विजयनगर चौराहा का भौतिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के काल खंड में महोदय द्वारा यातायात व्यवस्था, सड़क पर वाहन दबाव, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया। महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देशित किया गया कि यातायात को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
हैलेट अस्पताल मार्ग के आसपास मरीजों एवं तीमारदारों की अधिक आवाजाही को दृष्टिगत रखते हुए अवैध पार्किंग हटाने, ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए निर्धारित स्टॉप चिन्हित करने तथा सड़क पर अनावश्यक रुकने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अस्पताल क्षेत्रों में एम्बुलेंस आवागमन को प्राथमिकता देने हेतु विशेष यातायात प्रबंधन लागू करने पर भी बल दिया गया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे स्टॉप लाइन पर अपने वाहन रोकें, जेब्रा क्रॉसिंग से पैदल यात्रियों को सुरक्षित सड़क पार करने दें । निरीक्षण के दौरान एसीपी यातायात, टीआई मध्य जोन, SHO फजलगंज व अरमापुर मौजूद रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें