Customised Ads
जनसामान्य, किसानों व पशुपालकों के लिए जारी की गई एडवाइजरी

न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 25 मई 2026 (सूत्र/सूवि/पीआईबी/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की दसमी (पुरुषोत्तम मास, गंगा दशहरा), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि मौसम केन्द्र, लखनऊ से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार आगामी दिनों में जनपद कानपुर नगर में उष्ण लहर से भीषण उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

लगातार बढ़ते तापमान के कारण जनपद में लू का प्रकोप बढ़ने की आशंका है, जिससे जनस्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। विशेष रूप से मजदूरों, किसानों तथा धूप में लंबे समय तक कार्य करने वाले लोगों में निर्जलीकरण एवं लू लगने का खतरा अधिक रहेगा।

जनहानि की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा जनसामान्य, कृषकों एवं पशुपालकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है। लोगों से कहा गया है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय हल्के रंग के ढीले एवं सूती कपड़े पहनें तथा सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और यात्रा के दौरान अपने साथ पानी अवश्य रखें।

शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस घोल, नारियल पानी, लस्सी, नींबू पानी, छाछ एवं आम का पन्ना जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। साथ ही रेडियो, टीवी एवं समाचार पत्रों के माध्यम से मौसम और तापमान की नियमित जानकारी लेते रहने को कहा गया है। कमजोरी, चक्कर आने अथवा अस्वस्थ महसूस होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपने घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दे, शटर आदि का उपयोग करने तथा रात के समय खिड़कियां खुली रखने की अपील की है। घर की छतों पर चूना या सफेद रंग करवाने तथा निचली मंजिलों पर रहने का प्रयास करने की भी सलाह दी गई है।

एडवाइजरी में बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहन में अकेला छोड़ने से बचने की चेतावनी दी गई है, क्योंकि वाहन अत्यधिक गर्म होकर खतरनाक तापमान पैदा कर सकते हैं। दोपहर के समय अत्यधिक श्रम वाले कार्य न करने, बासी भोजन से परहेज करने तथा शराब, चाय, कॉफी एवं कार्बोनेटेड पेय पदार्थों के सेवन से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं।

इसके अतिरिक्त लोगों से अपील की गई है कि दिन के सबसे गर्म समय में खाना पकाने से बचें तथा रसोईघर को हवादार बनाए रखने के लिए खिड़की और दरवाजे खुले रखें, ताकि गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके।

टिप्पणियाँ