Customised Ads
सीएसजेएमयू में पेट्रोल-डीजल वाहनों पर लगी 'ब्रेक', कुलपति से लेकर कुलसचिव तक करेंगे ई-कार्ट की सवारी

न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 11 मई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की नवमी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। देश में बढ़ते ईंधन संकट और ऊर्जा संरक्षण को ध्यान में रखते हुए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप में सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों से ईंधन की अधिक से अधिक बचत करने तथा सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि प्रधानमंत्री द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी ईंधन संकट को देखते हुए देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की गई है। इसी क्रम में सीएसजेएमयू ने भी परिसर में ऊर्जा संरक्षण और जिम्मेदार परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्त अधिकारी, परीक्षा नियंत्रक और अन्य अधिकारी अब परिसर में आधिकारिक कार्यों के लिए ई-कार या इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रयोग करेंगे। इसके साथ ही कानपुर नगर में आयोजित बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए सार्वजनिक परिवहन एवं मेट्रो सेवा के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक बैठकों का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया जाए, ताकि अनावश्यक ईंधन खपत को कम किया जा सके। वहीं विश्वविद्यालय के ईंधन चालित वाहनों का उपयोग केवल शहर से बाहर आयोजित बैठकों और आवश्यक कार्यों के लिए किया जाएगा। विवि प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी मदद मिलेगी। कुलपति ने सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्देशों का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

टिप्पणियाँ