Customised Ads
चक मार्ग से हटाया अतिक्रमण, राजस्व टीम ने की कार्रवाई

न्याय धारा/ कानपुर नगर। मंगलवार 05 मई 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की चतुर्थी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम खरगपुर और इमलीपुर में चक मार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। एसडीएम सदर अनुभव सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में जांच के दौरान चक मार्ग बाधित पाए जाने पर टीम ने तत्काल कब्जा हटाकर मार्ग को सुचारु कराया।

 ग्राम खरगपुर की आराजी संख्या 104 (रकबा 0.799 हेक्टेयर, नवैयत ऊसर) तथा ग्राम इमलीपुर की आराजी संख्या 413 (रकबा 0.045 हेक्टेयर, नवैयत नाला) पर चक मार्ग पर अतिक्रमण की सूचना प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राजस्व टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें अवैध कब्जे की पुष्टि हुई। इसके बाद मौके पर ही अतिक्रमण हटाकर मार्ग को पुनः चालू कराया गया।

एसडीएम सदर अनुभव सिंह ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों और राजस्व भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

टिप्पणियाँ