Customised Ads
बूथ स्तर पर भाजपा संगठन को सशक्त बनाने के लिए व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जाएगा - धर्मपाल सिंह

न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 03 मई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की द्वितीया, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी मंडल प्रवासी अपने-अपने क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ पर जाकर बूथ कमेटियों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। जिन बूथों पर कमेटियों का गठन पूर्ण नहीं है, उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही प्रत्येक शक्ति केंद्र एवं बूथ पर जिम्मेदार कार्यकर्ता को बूथ का पालक एवं बूथ प्रवासी नियुक्त किया जाए, ताकि संगठन की मजबूती जमीनी स्तर पर सुनिश्चित हो सके।

धर्मपाल सिंह आज कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं सभी 254 मंडलों के प्रवासियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। यह बैठक दोपहर 12:30 बजे क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित हुई, जिसकी शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत वंदे मातरम का पूर्ण गीत गाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

अपने संबोधन में धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन में बूथ स्तर के कार्य धरातल पर और अभिलेखों में शत-प्रतिशत पूर्ण होने चाहिए। मंडल प्रवासी, मंडल कमेटी से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह सक्रिय और सुदृढ़ रहे। उन्होंने बूथ स्तर पर किए जाने वाले आवश्यक कार्यों की विस्तृत जानकारी भी बैठक में साझा की।मन की बात कार्यक्रमों को शत प्रतिशत बूथों पर सुना जाए इसको भी सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के उपरांत धर्मपाल सिंह ने सभी जिला अध्यक्षों से आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों की तिथियों, स्थान एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने वरिष्ठ पदाधिकारियों से भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी ने किया। बैठक की प्रस्तावना प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता ने प्रस्तुत की।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह, राम किशोर साहू, संत विलास शिवहरे, सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह, आनंद सिंह, रंजना उपाध्याय सहित सभी जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं मंडलों के प्रवासी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ