न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 18 मई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। कानपुर नगर पुलिस ने फर्जी मार्कशीट, डिग्री और माइग्रेशन सर्टिफिकेट तैयार कर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना किदवई नगर पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनीष उर्फ रवि एवं अर्जुन यादव के रूप में हुई है।
▪️पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न फर्जी विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के नाम पर इंटरमीडिएट से लेकर पीएचडी तक की फर्जी मार्कशीट, डिग्री, ग्रेड शीट एवं माइग्रेशन सर्टिफिकेट तैयार कर लोगों को उपलब्ध कराते थे। आरोपियों द्वारा बिना परीक्षा दिलाए डिग्री उपलब्ध कराने का भी खेल संचालित किया जा रहा था। मौके से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, नकली मोहरें, लैपटॉप एवं मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
▪️पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने विभिन्न राज्यों के छात्रों को निशाना बनाकर करीब 80 फर्जी माइग्रेशन सर्टिफिकेट जारी किए। तेलंगाना यूनिवर्सिटी समेत कई संस्थानों के नाम का दुरुपयोग किया गया। पुलिस को जांच के दौरान करोड़ों रुपये के लेनदेन के भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
▪️जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी “GLOBAL BOOK OF EXCELLENCE AWARD UK LONDON” के नाम पर कथित अवार्ड कार्यक्रमों के जरिए भी लोगों से ठगी करते थे तथा कई सेलिब्रिटीज को अवार्ड देने का दावा कर प्रचार-प्रसार किया जाता था। मुख्य आरोपी मनीष द्वारा पूछताछ में दुबई यात्रा करने की बात भी स्वीकार की गई है।
आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी एवं अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। मामले की गहन जांच एसआईटी एवं क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है।

addComments
एक टिप्पणी भेजें