Customised Ads
अवैध कब्जे हटे, पैमाइश हुई, वरासत दर्ज हुई, शिकायतकर्ताओं को मिला समाधान

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 16 मई 2026 (सूत्र/सूवि/पीआईबी/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को बिल्हौर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 189 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 20 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष प्रकरणों का समाधान 7 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टि परक ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में एक से अधिक पक्ष हों, वहां सभी पक्षों को सुनकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस में कई शिकायतकर्ताओं को वर्षों पुराने विवादों से राहत मिली। रामकुमार पुत्र श्यामलाल की शिकायत पर गाटा संख्या 86 से रास्ते पर हुआ अतिक्रमण मौके पर हटवाया गया। ब्रह्मदीन पुत्र शम्भूनाथ तथा सुरेश ग्राम प्रधान के मामलों में धारा-24 के अंतर्गत पैमाइश कराकर मौके पर सीमांकन कराया गया।

रामकुमार यादव पुत्र जयनरायण की शिकायत पर घर के सामने पड़ा घूर हटवाया गया। अनीता कटियार पत्नी अनुज कुमार और गायत्री शुक्ला पत्नी राजेन्द्र कुमार के मामलों में वरासत खतौनी में दर्ज कर दी गई। विकास पुत्र रघुवीर सिंह की शिकायत पर खेत की पैमाइश कराई गई, जिसमें रकबा पूर्ण पाए जाने पर शिकायतकर्ता संतुष्ट दिखा।राजकिशोर पुत्र सूरेदार को सीमांकन कर कब्जा दिलाया गया। लक्ष्मी पत्नी शिवकुमार की शिकायत पर ग्राम सुधरदेवा की भूमि की पैमाइश कर निशानदेही की गई। शिवशंकर वर्मा पुत्र स्वर्गीय शिवबालक वर्मा के मामले में जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि निर्माण कार्य संबंधित व्यक्ति की भूमि पर ही हो रहा है, जिसके बाद शिकायतकर्ता को मौके पर जानकारी देकर संतुष्ट किया गया।

राजू पुत्र शिवकुमार की शिकायत पर ग्राम काकूपुर निहाल में गाटा संख्या 48 की पैमाइश एवं सीमांकन कराया गया। अभिषेक सिंह पुत्र बाबू सिंह के मामले में वरासत संबंधी विवाद का निस्तारण कराया गया। रीना पत्नी रजोल की वरासत भी मौके पर दर्ज कराई गई। रामनरायन पुत्र रामदत्त की शिकायत पर आवंटित भूमि की पैमाइश कर सीमांकन कराया गया।

अतुल कुमार मिश्रा पुत्र ओमशरण मिश्रा की शिकायत पर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराया गया। रामप्रसाद पुत्र हुलामन के मामले में खतौनी में नाम संशोधन कराया गया। रामनरेश पुत्र रामस्वरूप की शिकायत पर ग्राम समाज भूमि से अवैध अतिक्रमण हटवाकर भूमि कब्जामुक्त कराई गई। माया देवी पत्नी राजेन्द्र को राजस्व एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में कब्जा दिलाया गया। वहीं विनोद कुमार की शिकायत पर देईपुर करसेंमपुर स्थित कब्रिस्तान भूमि से अवैध कब्जा हटवाकर भूमि को मुक्त कराया गया।

समाधान दिवस में राजस्व विभाग से सर्वाधिक 125, विकास खंड से 23, पुलिस विभाग से 20, विद्युत विभाग से 6 तथा नगर पालिका से 4 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। शेष प्रकरण अन्य विभागों से संबंधित थे।  इस दौरान सीडीओ अभिनव जैन, सीएमओ डॉ हरिदत्त नेमी, एडीएम न्यायिक महेश प्रकाश, एसडीएम बिल्हौर मनीष कुमार सहित विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

दिव्यांगजनों के लिए लगा विशेष शिविर, मौके पर बने 25 प्रमाण पत्र

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील बिल्हौर में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 60 दिव्यांगजनों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किया गया, जिनमें से 25 लोगों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि 35 को विस्तृत जांच हेतु रेफर किया गया।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय कुमार उत्तम ने बताया कि शिविर में 3 दिव्यांगजनों का पंजीकरण दिव्यांग पेंशन के लिए किया गया। वहीं 12 लोगों को सहायक उपकरण योजना से जोड़ा गया। एक दिव्यांगजन का पंजीकरण दुकान संचालन योजना तथा एक अन्य का शादी अनुदान योजना के अंतर्गत किया गया।

टिप्पणियाँ