न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 09 मई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, जेष्ठ मास कृष्ण पक्ष की सप्तमी, ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में आज “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ एक प्रतीकात्मक अभियान है जो राष्ट्रप्रेम, नारी शक्ति और शहीदों के बलिदान के सम्मान से प्रेरित है। ‘सिंदूर’ भारतीय संस्कृति में सुहाग, शौर्य और त्याग का प्रतीक है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देश सेवा, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना जागृत करना तथा यह संदेश देना है कि देश की बेटियाँ भी राष्ट्र निर्माण और रक्षा में अग्रणी भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम में 17 यूपी गर्ल्स बटालियन के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यह कार्यक्रम 17 यूपी गर्ल्स बीएन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल नीरज नैथानी, माननीय कुलपति सीएसजेएमयू प्रो. विनय कुमार पाठक एवं 17 यूपी गर्ल्स बीएन एनसीसी कानपुर की एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर मेजर इंदु मिश्रा के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ किया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव सीएसजेएमयू श्री राकेश कुमार मिश्रा एवं 17 यूपी गर्ल्स बीएन एनसीसी सीएसजेएमयू की प्रभारी मयूरी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। ध्वजारोहण के पश्चात एनसीसी कैडेट्स द्वारा राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई तथा पूरे सम्मान और अनुशासन के साथ राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया।
माननीय कुलपति सीएसजेएमयू प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि यह अभियान नारी सशक्तिकरण और राष्ट्रभक्ति का संगम है। जब बेटियाँ वर्दी पहनकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे कार्यक्रमों का नेतृत्व करती हैं, तो पूरा समाज गौरवान्वित होता है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य ऐसे नागरिक तैयार करना है जो हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन करें। 17 यूपी गर्ल्स बीएन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल नीरज नैथानी ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स का जोश और अनुशासन यह साबित करता है कि देश का भविष्य मजबूत हाथों में है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र प्रथम की भावना से जोड़ते हैं।
कुलसचिव सीएसजेएमयू राकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ युवाओं को यह याद दिलाता है कि सिंदूर की एक-एक बिंदी के पीछे एक सैनिक का त्याग छिपा है। एनसीसी इसी कर्तव्यबोध को छात्रों में विकसित करता है। 17 यूपी गर्ल्स बीएन एनसीसी कानपुर की एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर मेजर इंदु मिश्रा ने कहा कि 17 यूपी गर्ल्स बटालियन की कैडेट्स ने सिद्ध कर दिया कि अनुशासन, साहस और समर्पण में बेटियाँ किसी से कम नहीं हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का संदेश हर युवा तक पहुँचना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने “ऑपरेशन सिंदूर” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को एकता, नेतृत्व क्षमता एवं टीम वर्क का महत्व समझाया गया। 17 यूपी गर्ल्स बटालियन के कैडेट्स का अनुशासन एवं सामूहिक प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में डॉ. प्रशांत सिंह, एएनओ 3 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी डॉ. अंकित त्रिवेदी एवं 17 यूपी गर्ल्स बीएन एनसीसी सीएसजेएमयू की प्रभारी मयूरी सिंह की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

addComments
एक टिप्पणी भेजें