न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 27 मई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की एकादशी तदुपरि द्वादशी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण द्वारा प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जनजागरण कार्यक्रमों के आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्री शिवराम सिंह जी ने की एवं मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल जी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में हुए ऐतिहासिक विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जाने वाले विशेष अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल जी ने सभी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का कार्य करेगा तथा आमजन को इन अभियानों से जोड़ेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के साथ होगी, जिसके अंतर्गत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
14 से 16 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। 16 एवं 17 जून को “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन के अंतर्गत जिले के प्रबुद्ध एवं प्रभावशाली व्यक्तियों — डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, उद्योगपति, अधिवक्ता, युवा वर्ग एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों की सूची तैयार कर उनका सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी तथा समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
17 से 20 जून तक किसी सार्वजनिक स्थल पर मोदी सरकार एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, गरीब कल्याण एवं युवा हित से संबंधित कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान एवं प्रगति पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे तथा जनता से संवाद स्थापित करेंगे।
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के प्रत्येक मंडल स्तर पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन सहभागिता करेंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर नई पहचान बनाई है। पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन एवं सेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास की इस यात्रा को पहुंचाने का कार्य करेगा। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला अध्यक्ष श्री शिवराम सिंह जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने ऐतिहासिक प्रगति की है तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य हुआ है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु पूर्ण सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष राधेश्याम पांडे जी, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया जी, पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण जी, जानू अवस्थी जी श्याम सुंदर शुक्ला जी बिंदु अग्रवाल जी पप्पू पंडित, सुषमा चौहान मधु तिवारी वीरेंद्र स्वामी विक्रम पंडित एलबी सिंह पटेल जितेन सचान पवन दीक्षित हर जीवन विकी मूरजानी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं सभी मोर्चों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें