Customised Ads
आईएमए कानपुर शाखा ने 114वें स्थापना दिवस पर पूर्व अध्यक्ष डा0 आर एन चौरसिया सहित अन्य समकालीन पदाधिकारी को सम्मानित किया

न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 28 मई 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, अधिक जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी (पुरुषोत्तम मास), ग्रीष्म ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। आज इंडियन मेडिकल एसोसिएशन कानपुर शाखा के 114वां स्थापना दिवस समारोह का आयोजन जितेंद्र कुमार लोहिया ऑडिटोरियम, आई०एम०ए० भवन में किया गया। कार्यक्रम में आई०एम०ए० कानपुर शाखा के पूर्व 25 अध्यक्षों, पूर्व 18 सचिवों एवं नवीन सदस्यों को सम्मानित किया गया।

आई०एम०ए० कानपुर के अध्यक्ष डॉ० अनुराग मेहरोत्रा ने बताया कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन कानपुर शाखा 28 मई को अपना 114वां स्थापना दिवस मना रही है। संस्था का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है तथा आई०एम०ए० कानपुर शाखा की स्थापना 28 मई 1912 को 20 समर्पित चिकित्सकों द्वारा की गई थी। 

कानपुर शाखा उत्तर प्रदेश की सबसे पुरानी एवं देश की अग्रणी शाखाओं में से एक है। आई०एम०ए० कानपुर भवन का निर्माण वर्ष 1928 से 1931 के मध्य कराया गया था जिसमें उस समय के अंग्रेज प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा कानपुर की नामचीन हस्तियों जैसे विक्रमाजीत सिंह, लाला कमलापत सिंहानिया,                   डॉ० भट्टाचार्या, एम०एस०डी० नरोना व डॉ० एम०एक्स डी० नरोना इत्यादि का उल्लेखनीय योगदान रहा। समय के साथ-साथ इसमें और भी निर्माण और मरम्मत के कार्य होते रहे तथा संस्था के विकास में अनेक वरिष्ठ चिकित्सकों एवं समाजसेवियों का उल्लेखनीय योगदान रहा है।

उन्होंने बताया कि समय के साथ संस्था ने चिकित्सा सेवा, सामाजिक दायित्व एवं चिकित्सकों के हितों के लिए निरंतर कार्य किया है। वर्तमान समय में आई०एम०ए० कानपुर शाखा प्रदेश की प्रमुख एवं सक्रिय शाखाओं में अपनी महत्वपूर्ण पहचान बनाए हुए है।  लेकिन संस्था के 114 वर्ष पूरे होने के साथ हमारे सदस्यों की बढ़ती हुयी संख्या जो कि अब लगभग 2450 पहुँच चुकी है व साथ ही संस्था के निरन्तर बढ़ते हुए सामाजिक दायित्व ने एक नये टैम्पिल ऑफ सर्विस के निर्माण के लिये प्रेरणा दी थी। विगत कुछ वर्षों से हमारे कई पूर्व अध्यक्षों एवं कार्यकारिणी के सदस्यों ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किये जो कि एक साकार रूप ले चुका है और ये भव्य आधुनिक इमारत उसकी मिशाल है।आई०एम०ए० कानपुर शाखा पूरे देश की वह अकेली शाखा है जिसकी स्थापना आई०एम०ए० मुख्यालय से भी कई वर्ष पहले हुई थी और इस तरह यह देश की सबसे पहली स्थापित संगठित शाखा है। उन्होंने बताया कि आई०एम०ए० कानपुर शाखा की नींव 28 मई 1912 को "कानपोर मेडिकल एसोसिएशन' के रूप में रखी गयी थी जबकि आई०एम०ए० मुख्यालय की स्थापना 17 वर्ष बाद 1928 में की गयी थी। उन्होंने कहा कि आज भी प्रत्येक वर्ष 28 मई को आई०एम०ए० कानपुर शाखा "स्थापना दिवस" के रूप में मनाती है और सभी अपने फाउन्डर सदस्यों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिये श्रद्धा सुमन अर्पित करती है।

डॉ० ए०के० श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष आईएमए उत्तर प्रदेश ने आई०एम०ए० कानपुर शाखा के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ० राजीव गोयल, अध्यक्ष, आई०एम०ए० उत्तर प्रदेश राज्य ने कहा कि आई०एम०ए० कानपुर शाखा सदैव चिकित्सा एवं सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि कानपुर शाखा प्रदेश की सबसे सक्रिय शाखाओं में से एक है तथा चिकित्सकों एवं समाज के हित में निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों सुश्री सौम्या पांडेय, आई०ए०एस०, अपर श्रम आयुक्त कानपुर नगर, डॉ० विपिन टाडा, आई०पी०एस०, अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था), कानपुर, एवं आनंद कुमार ओझा, ए०सी०पी० कलेक्टरगंज  ने भी आई०एम०ए० कानपुर के कार्यों की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

आई०एम०ए० कानपुर शाखा की सचिव प्रो० डॉ० शालिनी मोहन ने बताया कि  स्थापना दिवस संस्था के गौरवशाली इतिहास, संस्थापक सदस्यों एवं पूर्व पदाधिकारियों के योगदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आई०एम०ए० कानपुर शाखा के पूर्व अध्यक्षों एवं पूर्व सचिवों ने संस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा नवीन सदस्य संस्था की भावी शक्ति हैं।  इस वर्ष का स्थापना दिवस समारोह अत्यंत विशेष एवं ऐतिहासिक महत्व का है, क्योंकि आई०एम०ए० कानपुर शाखा अपने गौरवशाली इतिहास के 114 वर्ष पूर्ण कर रही है। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में आई०एम०ए० कानपुर शाखा के पूर्व अध्यक्षों, पूर्व सचिवों एवं नवीन सदस्यों को सम्मानित किया गया। 

उन्होंने कहा कि आई०एम०ए० कानपुर शाखा निरंतर चिकित्सकों के हितों, चिकित्सा शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करती रही है। शाखा द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, चिकित्सा शिविर, सी०एम०ई० कार्यक्रम एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने संस्था के गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ाने तथा समाज एवं चिकित्सा क्षेत्र में अपनी सेवाएँ निरंतर प्रदान करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आई०एम०ए० कानपुर शाखा के वरिष्ठ चिकित्सकों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही एवं सदस्यों ने कराओके की धुन में गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ राज तिलक एवं डॉ रेनू सिंह गहलोत ने संयुक्त रूप से किया। नए सदस्यों का स्वागत प्रो० डॉ० शालिनी मोहन, सचिव, आई०एम०ए० कानपुर ने किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन  डॉ० विशाल सिंह, वित्त सचिव, आई०एम०ए० कानपुर ने प्रस्तुत किया।

टिप्पणियाँ