Customised Ads
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर टाउन हॉल कार्यक्रम सम्पन्न, महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 17अप्रैल 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की अमावस्या, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय सभागार में भव्य टाउन हॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल तथा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित महापौर प्रमिला पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

मुख्य अतिथि ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि भारत संस्कृति और धरोहर का देश है। उन्होंने कहा कि रावण के वध के लिए भी शक्ति का आशीर्वाद लिया गया था, जो नारी शक्ति की महत्ता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले रमाबाई अंबेडकर रानी लक्ष्मी बाई सहित अनेक महिलाओं ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया। राजमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर ने महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर समाज को नई दिशा दी।

उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीति प्रभावित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनधन खातों, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया गया है। उन्होंने तीन तलाक कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि अब किसी बड़े मियां की हैसियत नहीं जो रोटी जल जाने पर किसी बेटी को तीन बार तलाक़ बोल कर बेटियों को घर से बाहर निकाल सके को और किसी मौलाना की हैसियत नहीं की बेटियों के साथ अन्याय कर सके।विशिष्ट अतिथि अपर्णा यादव ने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का निवास होता है। उन्होंने कहा कि यह संविधान का ऐतिहासिक संशोधन है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति को वंदन का विषय बना दिया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना तथा मुद्रा योजना में महिलाओं को 59 प्रतिशत ऋण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जहां इस बिल का विरोध कर रहा है, वहीं मोदी सरकार इसे लागू करने का ऐतिहासिक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति हर क्षेत्र में सक्षम है। अपर्णा यादव ने सभागार में उपस्थित नारी शक्ति पर सभागार में घूम घूम कर पुष्प वर्षा की।

महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि आने वाले समय में विपक्ष को जनता जवाब देगी। उन्होंने कहा कि 2027 और 2029 के चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी तथा महिलाओं को और अधिक प्रतिनिधित्व दिलाने का प्रयास किया जाएगा। आभार कार्यक्रम की अध्यक्ष वरिष्ठ समाजसेवी शिक्षाविद नीतू सिंह ने किया। कार्यक्रम का संचालन शिवांग मिश्रा ने किया। इससे पहले सी एस हेलीपैड पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल शिवराम सिंह महामंत्री अवधेश सोनकर प्रमोद विश्वकर्मा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित नीलिमा कटियार, स्वप्निल वरुण, अनीता गुप्ता पूनम द्विवेदी, पूनम कपूर, सरोज सिंह, वेणु रंजन भदौरिया, अनीता त्रिपाठी जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ