Customised Ads
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विश्वविद्यालय के अध्ययनरत विद्यार्थियों का सम्मान

न्याय धारा/ कानपुर नगर। सोमवार 13अप्रैल 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की एकादशी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के डीन, एकेडमिक विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली यूजीसी नेट, सीटेट, आईआईटी जैम, गेट, जीपैट जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में अध्ययनरत 175 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

विधि, अर्थशास्त्र, प्रबंधन, शिक्षाशास्त्र तथा अन्य मानविकी विषयों के साथ-साथ भाषा तथा विज्ञान संकाय के 175 से अधिक विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए अधिष्ठाता एकेडमिक प्रो0 बृष्टि मित्रा ने कहा कि एनईपी, 2020 के अनुरूप आउटकम बेस्ड एजुकेशन को बढ़ावा देने में विश्वविद्यालय निरंतर संलग्न है और शैक्षणिक वातावरण इस प्रकार से तैयार किया जा रहा है कि हमारे विद्यार्थी अपने अध्ययन काल में ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने में समर्थ हो सकें। विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रोफेसर सुधीर कुमार अवस्थी जी ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थी हमारी अमूल्य निधि हैं और  उनकी उपलब्धियां अध्यापकों के ज्ञान एवं योग्यता का प्रतिबिंब हैं।विद्यार्थियों की ये उपलब्धियां विश्वविद्यालय के समृद्ध शैक्षणिक वातावरण का समाज में प्रतिनिधित्व भी कर रही हैं।  मेधावी छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में विश्वविद्यालय तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से की तैयारी से संबंधित अपने अनुभव भी साझा किये। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में माननीय कुलपति प्रो0 विनय कुमार पाठक जी ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं तथा आशीर्वाद प्रदान किया और सभी को यह आश्वासन भी दिया कि जो सुझाव विद्यार्थियों द्वारा व्यक्त किए गए हैं, विश्वविद्यालय में उनको ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हमारा विश्वविद्यालय सभी विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थी आधुनिक प्रतिस्पर्धा के वातावरण में अपने करियर पर केंद्रित होते हुए शिक्षा प्राप्त करें और विश्वविद्यालय की प्रगति में अपना योगदान दें, इसके लिए आवश्यक सुविधा तथा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा तथा पाठ्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परिवर्तन भी किए जाएंगे। 

कार्यक्रम का संयोजन डॉ0 अंशु सिंह तथा संचालन डॉ0 रत्नर्त्तु: मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्था डॉ मीनाक्षी द्वारा की गई। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

टिप्पणियाँ