न्याय धारा/ कानपुर नगर। रविवार 26अप्रैल 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास शुक्ल पक्ष की दसमी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। सेकंड इनिंग्स विमेन थिएटर और विक्रमजीत सिंह सनातन धर्म कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में अरुणिमा मिश्रा द्वारा लिखित और रूपीना मिश्रा तथा अन्नू गोयल द्वारा निर्देशित नाटक पूछ रहा है आज वतन का मंचन वी एस एस डी कॉलेज सभागार में आर एस एस के प्रांत संचालक भवानी भीख तिवारी के विशिष्ट आतिथ्य में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। पूछ रहा है आज वतन एक ऐसी हकीकत से जुड़ी काल्पनिक कथा है जिसमें महान क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल और अशफाक उल्लाह खान अपनी फांसी की सौ साल पूरे होने का जश्न मनाने को तैयार हैं, कहानी 1927 के बाद भारत में हो रहे विभिन्न घटनाक्रमों को बिस्मिल और अशफाक के नजरिए से देखती हुई आगे चलती है, जहां कुछ घटनाएं उन्हें विचलित करती हैं तो कहीं शोक और कहीं हर्ष भी है
कहीं वो गद्दारी और मतलबपरस्ती से आहत हैं तो कहीं धर्मों की एकता से गौरवान्वित एक अहम मोड़ पर उनकी मुलाकात दीन दयाल उपाध्याय से होती है और देश की तत्कालीन परिस्थिति पर चर्चा। नाटक को कानपुर की लगभग खो चुकी कला नौटंकी का भी जामा पहनाया है, हरिश्चंद्र जी का नक्कारा और गुरजीत सिंह का गायन इसे नई ऊंचाइयों पर पहुंचा देता है।
राम प्रसाद बिस्मिल के चरित्र में अजीत पाल को श्रेष्ठ अभिनेता का राजीव गोयल स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया।
बिस्मिल के रूप में अजीत पाल, अशफाक के रूप में आयुष , दीन दयाल के रूप में प्रभात सिंह, पहलगाम में मारे गए व्यक्ति के रूप में रिषभ सिंह चौहान, 1947 की खौफशुदा बच्ची के रूप में रिया सिंह चौहान, कारगिल शहीद फौजी के रूप में जय शुक्ला और नैरेटर के रूप में बीना शैलेश ने अभिनय किया। अन्नू गोयल, नीता पाण्डेय, सुमन निगम और सुनीता वार्ष्णेय ने नृत्य और गायन से समां बांध दिया, नाटक के अंत में जलते हुए दीपक और तिरंगे के साथ नन्हे कबीर पांडे और ध्रुव पांडे ने देश अभी बलिदानियों को भूला नहीं है, का संदेश दिया।
संचालन मीना मेहरोत्रा ने किया। कॉलेज की प्रधानाचार्य श्रीमती नीरू टंडन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके सहयोग के बिना मंचन संभव नहीं था। नीतिका रस्तोगी, अर्चना गुप्ता, पूनम मिश्रा, सीमा शुक्ला, बसंती गुप्ता, चारु अग्रवाल, मोहिता चतुर्वेदी आदि ने सहयोग किया।

addComments
एक टिप्पणी भेजें