Customised Ads
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय द्वारा चार दिवसीय ग्रामीण शिविर एवं औद्योगिक भ्रमण का आयोजन

न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 30अप्रैल 2026 (सूत्र/सूवि/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के यशस्वी कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक जी की प्रेरणा से स्कूल ऑफ आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेस के समाज कार्य विभाग द्वारा एम.एस.डब्ल्यू. छात्र-छात्राओं के लिए चार दिवसीय ग्रामीण शिविर एवं औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम का दिनांक- 27 से 30 अप्रैल, सफलता पूर्वक आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पाठ्यक्रम का अनिवार्य एवं महत्त्वपूर्ण घटक है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व स्कूल की निदेशिका डॉ. किरन झा जी के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर विश्वविद्यालय से बस द्वारा समस्त छात्र-छात्राएँ एवं संकाय सदस्य बिठूर स्थित बरहट बांगर ग्राम के विकास के लिए पार्टीसिपेटरी रुरल अप्रेजल जैसी तकनीक का बारीकी से अभ्यास किया।द्वितीय दिवस पर छात्र-छात्राएँ कानपुर नगर निगम, मोतीझील, हर्षनगर स्थित प्रमिला सभागार पहुँचे, जहाँ माननीया महापौर श्रीमती प्रमिला पांडेय जी द्वारा स्वच्छता जागरूकता अभियान- मिशन 'टोकोगे तो रोकेंगे'- का विधिवत उद्घाटन किया गया। महापौर महोदया ने उपस्थित स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। कार्यक्रम में प्रस्तुति के माध्यम से यह महत्त्वपूर्ण तथ्य उजागर किया गया कि मंदिर परिसर जहाँ हम ईश्वर की आराधना करते हैं प्रायः सर्वाधिक अस्वच्छ स्थान होते हैं और इसी संदर्भ में एक सशक्त संदेश दिया गया कि *"स्वच्छता भक्ति का स्वरूप है।"* तत्पश्चात् छात्र-छात्राओं को नगर निगम के अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का भ्रमण कराया गया, जहाँ से नगर की समस्त सड़कों पर निगरानी यातायात सिग्नल प्रबंधन, आपातकालीन स्थितियों का त्वरित संचालन एवं नागरिक शिकायतों का निराकरण किया जाता है।

तृतीय दिवस पर छात्र-छात्राओं ने बिठूर में स्थित पारस हॉस्पिटल का शैक्षणिक भ्रमण किया जहाँ उन्हें OPD, आपातकालीन विभाग, कैंसर विभाग, रेडियोलॉजी एवं रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग का विस्तृत भ्रमण कराया गया। अस्पताल के ऑपरेशन हेड ने स्वयं संपूर्ण भ्रमण का नेतृत्व करते हुए प्रत्येक विभाग की कार्यप्रणाली को सुस्पष्ट रूप से समझाया। भ्रमण के पश्चात् आयोजित इंटरेक्टिव सत्र में चिकित्सकों ने विद्यार्थियों के क्षेत्र-संबंधी प्रश्नों का संक्षिप्त किंतु अत्यंत प्रभावशाली उत्तर दिया, जिससे विशेष रूप से चिकित्सा एवं मनोचिकित्सा समाज कार्य विशेषज्ञता के विद्यार्थियों को अस्पताल की बहुविभागीय कार्यप्रणाली की गहन समझ प्राप्त हुई।चतुर्थ एवं अंतिम दिवस पर सभी छात्र-छात्राओं ने कानपुर प्लास्टिकपैक लिमिटेड, यूनिट-3, गजेनर श्यामपुर, कानपुर देहात का औद्योगिक भ्रमण किया। भ्रमण का आरंभ कंपनी के मानव संसाधन प्रतिनिधि के साथ परिचयात्मक सत्र से हुआ, जिसमें कंपनी की स्थापना, उद्देश्य एवं कार्यक्षेत्र की विस्तृत जानकारी दी गई। तत्पश्चात् फैक्ट्री का भ्रमण कराया गया जिसमें विभिन्न मशीनों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से दिखाया गया। भ्रमण के दौरान मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) विशेषज्ञता के विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें औद्योगिक HR प्रक्रियाओं की गहन जानकारी प्रदान की गई। अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने एक-एक कर अपने प्रश्न रखे, जिनमें HRM छात्र-छात्राओं की भर्ती संभावनाओं पर भी सार्थक चर्चा हुई।

इस चार दिवसीय कार्यक्रम ने समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों को ग्रामीण समुदाय, नगर प्रशासन, चिकित्सा क्षेत्र एवं औद्योगिक जगत- इन चारों महत्त्वपूर्ण आयामों से व्यावहारिक रूप से जोड़ा। स्कूल की निदेशिका डॉ. किरण झा जी के कुशल नेतृत्व एवं समस्त संकाय सदस्यों के अथक प्रयास से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं ज्ञानवर्धक रहा। इस अवसर पर समाज कार्य विभाग के डॉ. सत्येंद्र एस. चौहान, डॉ. अजय प्रताप सिंह, डॉ. एस.पी. वर्मा बुशरा बरकाती, डॉ. उर्वशी एवं समस्त विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ