Customised Ads
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता एवं निरीक्षण कार्य संपन्न

न्याय धारा/ कानपुर नगर। बुधवार 15अप्रैल 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी (प्रदोष), बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम हेतु व्यापक गतिविधियां संचालित की गईं। इसी क्रम में अप्रैल 2026 में ग्रामीण क्षेत्र ब्लॉक सरसौल के ग्राम फुफुआर के सुई थोक क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशान्त कुमार वर्मा, आई.एफ.डब्ल्यू. अरविन्द कुमार एवं रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकान्त की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों को वेक्टर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता मीरा देवी को दस्तक अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया गया। टीम ने पिछले वर्ष डेंगू से प्रभावित व्यक्ति सत्यम के घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और रोग से बचाव संबंधी जानकारी दी। भ्रमण के दौरान टीम ने आशा द्वारा किए गए घर-घर जागरूकता कार्य का सत्यापन किया। ग्रामीणों ने आशा कार्यकर्ता के कार्यों की सराहना भी की। क्षेत्र में पंपलेट वितरण एवं घरों पर स्टीकर चस्पा किए गए, जिनका निरीक्षण भी किया गया।

संयुक्त टीम द्वारा ग्रामीणों के साथ बैठकर वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर चर्चा की गई, जिसमें ग्रामवासियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। टीम द्वारा कुल 60 घरों का सर्वेक्षण किया गया तथा 168 जल पात्रों का निरीक्षण किया गया, जिनमें कोई भी पॉजिटिव नहीं पाया गया।निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि ग्राम में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा पंचायती राज विभाग के माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य संपादित किए जा रहे हैं। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को पशुओं को आबादी से बाहर रखने के लिए जागरूक किया गया तथा सूकर पालन से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए गए। कृषि रक्षा विभाग द्वारा स्क्रब टाइफस जैसी बीमारियों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

ग्राम में सोर्स रिडक्शन, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे तथा नालियों में लार्वीसाइडल छिड़काव कराया गया। साथ ही एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। लोगों को जलभराव रोकने, जमा पानी हटाने तथा आवश्यकतानुसार केरोसिन/जला मोबिल ऑयल डालने, मच्छररोधी क्रीम के उपयोग एवं शरीर को ढककर रखने की सलाह दी गई।

जनसामान्य से अपील की गई है कि संचारी रोगों से संबंधित सूचना या सहायता के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004 एवं 2526005 पर संपर्क करें। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

टिप्पणियाँ