Customised Ads
उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय फिल्म कॉन्क्लेव में सीएसजेएमयू के छात्रों ने मारी बाजी

आंशिका दीक्षित द्वितीय

न्याय धारा/कानपुर नगर। बुधवार 01अप्रैल 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर।राजधानी लखनऊ के संगीत नाटक अकादमी में आयोजित उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय फिल्म कॉन्क्लेव 2026 में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि सम्मान भी प्राप्त किया।

कॉन्क्लेव में देशभर से आए फिल्म, मीडिया और संचार क्षेत्र के विशेषज्ञों के बीच विश्वविद्यालय के एमएजेएमसी (MAJMC) छात्रों ने अपने शोध-पत्र (पेपर प्रेजेंटेशन) प्रस्तुत किए। उनके प्रस्तुतिकरण को जूरी और उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा सराहा गया, जिसमें सिनेमा, संस्कृति और समाज के विभिन्न पहलुओं पर गहन विश्लेषण शामिल था।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की छात्रा नेहा पोरवाल (एमएजेएमसी चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्णिम उपलब्धि हासिल की। द्वितीय स्थान अंशिका दीक्षित(एमएजेएमसी चतुर्थ सेमेस्टर) को प्राप्त हुआ, जबकि तृतीय स्थान मानवी सिंह(एमएजेएमसी चतुर्थ सेमेस्टर) ने हासिल किया। इन तीनों छात्राओं को उनके उत्कृष्ट पेपर प्रेजेंटेशन के लिए सम्मानित भी किया गया। सभी छात्रों ने पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ दिवाकर अवस्थी एवं सहायक आचार्य डॉ हरिओम कुमार के शोध निर्देशन में शोध पत्र तैयार किए थे।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उनको अपनी बधाई देते हुये हर्ष व्यक्त किया और रिसर्च फील्ड में निरंतर आगे बढ़ने के लिये अपनी शुभकामनाएं भी दी कॉन्क्लेव के दौरान छात्रों को फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, कलाकारों और निर्माताओं से सीधे संवाद का अवसर मिला, जिससे उन्हें सिनेमा और मीडिया के व्यावहारिक पहलुओं की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। यह अनुभव उनके भविष्य के करियर के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्रों की मेहनत का परिणाम है। साथ ही, यह भी विश्वास जताया गया कि भविष्य में भी छात्र इसी प्रकार अन्य राष्ट्रीय मंचों पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।

टिप्पणियाँ