Customised Ads
कोयला नगर मे वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

न्याय धारा/ कानपुर नगर। शनिवार 25अप्रैल 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास शुक्ल पक्ष की नवमी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। आज कोयला नगर स्थित "किड्स वर्ल्ड एजुकेशनल एकेडमी" में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया, जिसके पश्चात छात्रों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक संजीव बेरी ने बताया कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। विद्यालय सदैव बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व देता है।

कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें दौड़, लंबी कूद, रस्साकशी, बैलेंस रेस, बोरा दौड़ एवं अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य पूजा बेरी ने सभी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना को अपनाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ