न्याय धारा/कानपुर नगर। बुधवार 01अप्रैल 2026 (सूत्र/सूवि/पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। कंपोजिट विद्यालय बेनाझाबर में बुधवार को “अखबार पढ़ो अभियान”, “स्कूल चलो अभियान” तथा “संचारी रोग नियंत्रण अभियान” का संयुक्त शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन उपस्थित रहीं। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई।
समाचार पत्र पढ़ने से बढ़ेगा ज्ञान और मिलेगा व्यापक दृष्टिकोण
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से अखबार पढ़ने की आदत विकसित करना अत्यंत उपयोगी पहल है। अखबार बच्चों को देश-दुनिया की घटनाओं, विज्ञान, साहित्य, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और अपने शहर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से जोड़ता है। इससे उनकी भाषा क्षमता, विश्लेषण क्षमता और समसामयिक समझ विकसित होती है। उन्होंने कहा कि अब जनपद के विद्यालयों में बच्चों को प्रतिदिन हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा के प्रमुख अखबार पढ़ने का अवसर दिया जाएगा।
समाचार पत्र की कतरनें जुटेंगी, क्विज और चर्चा सत्र भी होंगे
इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थी समाचारों की महत्वपूर्ण कतरनों का संग्रह करेंगे और उन्हें विद्यालयी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। अखबार आधारित प्रश्नोत्तरी, ज्ञान प्रतियोगिताएं तथा चर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित होगी और उनकी अभिव्यक्ति क्षमता का विस्तार होगा।
छात्रा ने ईरान-अमेरिका से जुड़ा समाचार पढ़कर दिखाया
कार्यक्रम के दौरान कंपोजिट विद्यालय मसवानपुर की कक्षा दो की छात्रा एल्ज़ीमा ने जिलाधिकारी के समक्ष अखबार का वाचन किया। उसने अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ईरान और अमेरिका से संबंधित खबर पढ़कर सुनाई, जिसे सुनकर उपस्थित अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक प्रभावित हुए। इस प्रस्तुति ने यह भी दर्शाया कि छोटे बच्चे भी नियमित रूप से अखबार पढ़कर देश-दुनिया की घटनाओं से परिचित हो सकते हैं।
स्कूल चलो अभियान से हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य
मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और उसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसा वातावरण विकसित किया जाना चाहिए जिसमें बच्चे सीखने के प्रति उत्साहित रहें और पढ़ाई उनके लिए आनंददायक अनुभव बने।
स्वच्छता और सावधानी से रोके जा सकते हैं संचारी रोग
मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिदत्त नेमी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छता, साफ पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छ आदतों का पालन कर कई रोगों से बचाव संभव है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
डीएम ने किया दो बच्चों का नया नामांकन, किताबों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने ऐश्वर्या और प्रिंस नामक दो बच्चों का विद्यालय में नया नामांकन कराया तथा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं। जिला पुस्तकालय के सहयोग से हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा के प्रमुख अखबार विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए, जिससे विद्यार्थियों को प्रतिदिन समाचार पढ़ने का अवसर मिलेगा।
शिक्षकों का सम्मान, एलईडी वैन को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। पिछले वर्ष नामांकन में उत्कृष्ट प्रगति करने वाले आठ शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही संचारी रोग नियंत्रण और स्कूल चलो अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, एडीआईओएस प्रशांत चतुर्वेदी सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें