न्याय धारा/ कानपुर नगर। शुक्रवार 24अप्रैल 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास शुक्ल पक्ष की अष्टमी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम हेतु विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशान्त कुमार वर्मा, एस.एफ.डब्ल्यू. अवनीश सिंह एवं आई.एफ.डब्ल्यू. अरविन्द कुमार द्वारा शहरी क्षेत्र स्थित बाबू लाल का हाता का निरीक्षण किया गया। टीम ने डीटीसी हरजेन्दर के अधीन क्षेत्र के मोहल्लों का भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अभियान के तहत 24 अप्रैल 2026 को घर-घर संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान टीम ने लोगों से संपर्क कर अभियान से संबंधित जानकारी ली तथा संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। अभियान के अंतर्गत चिन्हित 12 प्रमुख रोगों के लक्षण एवं बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में जांच कराने की सलाह दी गई।
आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा शहरी क्षेत्र में पम्पलेट वितरित किए गए, जिसका निरीक्षण भी किया गया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ बैठक कर वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर चर्चा की गई, जिसमें लोगों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।
निरीक्षण के दौरान 35 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें कोई भी घर संक्रमित नहीं पाया गया। साथ ही 171 जल-पात्रों की जांच की गई, जिनमें लार्वा नहीं पाया गया।
भ्रमण के दौरान यह भी पाया गया कि नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई एवं पंचायतीराज माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य किए जा रहे हैं। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को पशु बाड़े आबादी से बाहर रखने के लिए जागरूक किया गया। सूकर पालकों को भी सूकर बाड़े आबादी से दूर रखने की सलाह दी गई। कृषि रक्षा विभाग द्वारा स्क्रब टाइफस जैसे रोगों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन, ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे तथा नालियों में लार्वीसाइडल छिड़काव कराया गया। एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण के माध्यम से लार्वा पनपने वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने के निर्देश दिए गए। लोगों से जलभराव न होने देने, जमा पानी हटाने, आवश्यकतानुसार जला हुआ मोबिल ऑयल या केरोसीन डालने, मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करने तथा शरीर को ढककर रखने की अपील की गई।
संचारी रोगों से संबंधित सूचना देने एवं जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 सक्रिय हैं। इसके अतिरिक्त नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 2526005 पर भी सूचना दी जा सकती है, जहां से प्राप्त शिकायतों पर संबंधित क्षेत्रों में टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही की जा रही है।

addComments
एक टिप्पणी भेजें