न्याय धारा/ कानपुर नगर। गुरुवार 23अप्रैल 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास शुक्ल पक्ष की सप्तमी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। मण्डलायुक्त, कानपुर मण्डल/अध्यक्ष, के.सी.टी.एस.एल. के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (के.सी.टी.एस.एल.) के निदेशक मण्डल की 22वीं बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार, डी.सी.पी. (यातायात) रविन्द्र कुमार, सम्भागीय परिवहन अधिकारी राकेन्द्र कुमार तथा के.सी.टी.एस.एल. के प्रबन्ध निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निदेशक मण्डल के नवनियुक्त सदस्यों का स्वागत किया गया तथा निवर्तमान सदस्यों के योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इसके साथ ही पिछली बैठक में लिये गये निर्णयों की समीक्षा कर उनके अनुपालन की स्थिति का अवलोकन किया गया। बैठक के दौरान मण्डलायुक्त/अध्यक्ष द्वारा विभिन्न बिन्दुओं पर आवश्यक निर्देश दिए गए। नगर निगम, कानपुर के साथ समन्वय स्थापित करते हुए यात्री शेल्टरों पर अतिक्रमण हटाने तथा नए बस स्टॉपेज चिन्हित कर विकसित करने हेतु संयुक्त निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, के.सी.टी.एस.एल. की इलेक्ट्रिक बसों के लोड फैक्टर में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर सख्ती से अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए।
सेवाप्रदाता फर्म को यह भी निर्देशित किया गया कि चालक एवं परिचालक केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही बसों का संचालन सुनिश्चित करें तथा यात्रियों को वहीं चढ़ाने-उतारने की व्यवस्था करें। निर्देशों का पालन न होने की स्थिति में संबंधित फर्म के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बैठक के अंत में के.सी.टी.एस.एल. के प्रबन्ध निदेशक द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

addComments
एक टिप्पणी भेजें