Customised Ads
जनपद में कुल 10 बसों का संचालन मुख्यमंत्री परिवहन योजना–2026 के अंतर्गत प्रस्तावित

न्याय धारा/कानपुर नगर। शुक्रवार 10अप्रैल 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की अष्टमी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। मुख्यमंत्री परिवहन योजना–2026 के अंतर्गत जनपद में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज  जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट  सभागार में एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, बसों के संचालन तथा दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर यातायात सुविधा से जोड़ने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री परिवहन योजना–2026 के अंतर्गत जनपद में कुल 10 बसों का संचालन प्रस्तावित है। इन बसों का संचालन ऐसे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से किया जाएगा, जहां से नगर मुख्यालय तक नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित या उपलब्ध नहीं है। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को नगर मुख्यालय से जोड़ा जाएगा, जिससे आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित विभिन्न आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत चयनित आवेदकों की पात्रता एवं अभिलेखों का परीक्षण शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा आवश्यक प्रमाणपत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र आवेदकों को बस उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जाए, जिससे शीघ्र ही बसों का संचालन प्रारंभ कराया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, सहायक समाज कल्याण अधिकारी (प्रशासन), क्षेत्रीय प्रबंधक कानपुर तथा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक किदवई नगर डिपो सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ