Customised Ads
जनपद की बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण का शुभारंभ

न्याय धारा/कानपुर नगर। गुरुवार 12मार्च 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास कृष्ण पक्ष की नवमी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। नगर में बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ आज एएचएम डफरिन अस्पताल में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) महोदया द्वारा किया गया।

इस अवसर पर  जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (DIO), एसीएमओ, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (Dy CMO), अर्बपन नोडल आरआई, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ तथा  यूएनडीपी,सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह टीका भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है, और समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। यह टीकाकरण जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध रहेगा।मुख्य विकास अधिकारी महोदया ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से अवश्य लाभान्वित कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के जोखिम से सुरक्षित रखा जा सके।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह भी बताया गया कि यह अभियान जनपद में बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी पात्र किशोरियों और उनके अभिभावकों से अनुरोध है कि वे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं।

टिप्पणियाँ