न्याय धारा/कानपुर नगर। मंगलवार 10मार्च 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास कृष्ण पक्ष की सप्तमी (गंगा मेला) , बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के शारीरिक शिक्षा विभाग के खेल क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं और पेशेवर प्रबंधन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए एक नया स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम मास्टर ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट (M.S.M.) प्रारम्भ किया जा रहा है। यह पाठ्यक्रम आगामी शैक्षणिक सत्र से संचालित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० विनय कुमार पाठक जी ने इस नए पाठ्यक्रम की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह एक बड़े उद्योग के रूप में विकसित हो चुका है। खेल आयोजनों, लीग, खेल संघों, क्लबों और स्पोर्ट्स मार्केटिंग कंपनियों के संचालन के लिए प्रशिक्षित स्पोर्ट्स मैनेजमेंट विशेषज्ञों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
शारीरिक शिक्षा विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ श्रवण कुमार यादव ने बताया कि यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को खेल प्रबंधन, स्पोर्ट्स मार्केटिंग, प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन तथा खेल आयोजन प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में विशेष ज्ञान प्रदान करेगा।
शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित यह पाठ्यक्रम दो वर्ष की अवधि का पूर्णकालिक स्नातकोत्तर कार्यक्रम होगा, जिसमें कुल चार सेमेस्टर होंगे। पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को सैद्धांतिक अध्ययन के साथ-साथ इंटर्नशिप, शोध कार्य तथा प्रायोगिक प्रशिक्षण भी कराया जाएगा, जिससे वे खेल उद्योग की व्यावहारिक आवश्यकताओं को समझ सकें। इस कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक उपाधि अनिवार्य होगी तथा इसमें प्रारम्भिक रूप से 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। इस पाठ्यक्रम की वार्षिक फीस 50,000 रुपये निर्धारित की गई है।
देश-विदेश में बढ़ रहा स्पोर्ट्स मैनेजमेंट का महत्व
वर्तमान समय में स्पोर्ट्स मैनेजमेंट का महत्व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ रहा है। विश्व के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय जैसे University of Florida, University of Michigan और Loughborough University इस क्षेत्र में उच्च स्तरीय पाठ्यक्रम संचालित कर रहे हैं। भारत में भी यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और देश के प्रमुख संस्थानों जैसे Lakshmibai National Institute of Physical Education, ग्वालियर तथा Indian Institute of Social Welfare and Business Management, कोलकाता में स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के विशेष कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
करियर के व्यापक अवसर
स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में प्रशिक्षित विद्यार्थियों के लिए खेल संघों एवं महासंघों, प्रोफेशनल स्पोर्ट्स लीग, स्पोर्ट्स मार्केटिंग एवं इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों, फिटनेस एवं स्पोर्ट्स अकादमी, खेल मीडिया तथा अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं।
विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रारम्भ किया जा रहा यह नया पाठ्यक्रम युवाओं को खेल उद्योग से जोड़ने के साथ-साथ खेल प्रबंधन के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के नए अवसर प्रगलदान करेगा।

addComments
एक टिप्पणी भेजें