न्याय धारा/कानपुर नगर। रविवार 15मार्च 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास कृष्ण पक्ष की एकादशी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के आदरणीय कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में एक व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया।
इस व्याख्यानमाला में विभाग के पूर्व छात्र दीपक अग्रवाल (उद्योगपति एवं पूर्व सचिव, रोटरी क्लब ऑफ कानपुर) ने स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के वर्तमान छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सफलता हमेशा संसाधनों या परिस्थितियों से नहीं, बल्कि सही सोच से शुरू होती है। जब हमारा दृष्टिकोण सकारात्मक होता है, तब हम कठिन परिस्थितियों में भी अवसर खोज पाते हैं। सकारात्मक मानसिकता हमें चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देती है और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। इसलिए जीवन में आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले अपने विचारों को सकारात्मक बनाना आवश्यक है।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि पूर्णता ही सफलता का एकमात्र मार्ग नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक खराब घड़ी भी दिन में दो बार सही समय बताती है। इसका आशय यह है कि हर व्यक्ति में कोई न कोई विशेषता और प्रतिभा अवश्य होती है। कई बार हम अपनी कमियों पर इतना ध्यान देते हैं कि अपनी शक्तियों को भूल जाते हैं, जबकि अपनी क्षमताओं की पहचान कर हम अपने भीतर छिपी संभावनाओं को जागृत कर सकते हैं।
श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि आराम का क्षेत्र हमें सुरक्षित अवश्य महसूस कराता है, लेकिन यह हमारे विकास में बाधा भी बन सकता है। वास्तविक प्रगति तब होती है जब हम नई चुनौतियों को स्वीकार करते हैं। नए अनुभवों को अपनाकर, नए कौशल सीखकर और जोखिम लेने का साहस करके ही हम अपने जीवन में नई उपलब्धियों के द्वार खोल सकते हैं।
इस अवसर पर कैंपस एलुमनाई संगठन के निदेशक डॉ. विवेक सिंह सचान ने कहा कि पूर्व छात्र-छात्राओं की सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत होती है। उनके सतत मार्गदर्शन से वर्तमान छात्र-छात्राएं अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्षम बनते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अपर्णा कटियार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुधांशु राय द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर डॉ. सुदेश श्रीवास्तव, डॉ. चारु खान, डॉ. वारसी सिंह, डॉ. प्रशांत त्रिवेदी तथा डॉ. संजीव सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें