न्याय धारा/कानपुर नगर। गुरुवार 19मार्च 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा (भारतीय नव वर्ष) , बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। हिंदी पत्रकारिता के प्रथम समाचार पत्र 'उदंत मार्तंड' से शुरू हुआ सफर आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तकनीकी दौर में प्रवेश कर चुका है। इसी विकास यात्रा और भविष्य की चुनौतियों पर केंद्रित 11-12 अप्रैल 2026 को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में एक भव्य अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन होने जा रहा है।
संगोष्ठी का विषय "उदंत मार्तंड से ए.आई. युग तक : दो शताब्दियों का महासंवाद" है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के पोस्टर का विमोचन किया।
पोस्टर विमोचन के दौरान कुलपति ने कहा कि "आज हम सूचना के उस युग में हैं जहाँ तकनीक हर पल बदल रही है। यह संगोष्ठी न केवल हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों के संघर्ष और सफलता की कहानी कहेगी, बल्कि ए.आई. के दौर में मानवीय संवेदनाओं और पत्रकारिता की नैतिकता को बचाने के रास्तों पर भी विचार करेगी।"
संगोष्ठी संयोजक डॉ. दिवाकर अवस्थी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि "हमारा उद्देश्य इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के माध्यम से हिंदी पत्रकारिता के विभिन्न आयामों पर विमर्श तैयार करना है। इस दो दिवसीय संगोष्ठी के बौद्धिक सत्रों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षाविद्, शोधार्थी, पत्रकार और तकनीकी विशेषज्ञ अपनी बात रखेंगे साथ ही दो दिनों में 100 से अधिक शोध पत्रों का वाचन किया जाएगा।
इस दौरान पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के डॉ ओम शंकर गुप्ता, डॉ योगेंद्र पांडेय, डॉ जितेंद्र डबराल, डॉ रश्मि गौतम, डॉ हरिओम कुमार, सागर कनौजिया, प्रेम किशोर शुक्ला उपस्थित रहें।

addComments
एक टिप्पणी भेजें