Customised Ads
वरिष्ठ नागरिकों के लिए योजनाओं के संचालन हेतु स्वैच्छिक संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित

न्याय धारा/कानपुर नगर। शनिवार 07मार्च 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास कृष्ण पक्ष की चतुर्थी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर ने अवगत कराया है कि निदेशालय समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित ‘अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY)’ के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों हेतु राज्य कार्य योजना (SAPSrC) का वित्तीय वर्ष 2025–26 में जनपद स्तर पर संचालन किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए अभिविन्यास दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत श्रेणी-3 के अंतर्गत सम्मिलित जागरूकता एवं सामुदायिक गतिविधि कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपयुक्त गैर सरकारी संगठन अथवा स्वैच्छिक संस्था का चयन किया जाना है। इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र संख्या AG-15039/22/2025-Sr.C-1 तथा शासनादेश दिनांक 28 अगस्त 2025 के क्रम में शासनादेश संख्या 11/2026/2017/26-3-2025-2001542 दिनांक 21 जनवरी 2026 द्वारा प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के हित में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जानी हैं, जिनमें वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क मोतियाबिंद नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन तथा वृद्धावस्था जनित रोगों की जांच के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विशेष रूप से डिमेंशिया की स्क्रीनिंग तथा गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण अनुभाग-2 के पत्र संख्या 74/26-2-2026/1908709 दिनांक 28 जनवरी 2026 द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुसार वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के माध्यम से स्वैच्छिक संस्था का चयन किया जाना है। इसके अंतर्गत सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 के अंतर्गत पंजीकृत गैर सरकारी संगठन, स्वैच्छिक संगठन अथवा सामाजिक संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।

इच्छुक संस्थाएं निर्धारित आवेदन पत्र के साथ आवश्यक अभिलेखों एवं प्रमाण पत्रों की स्वहस्ताक्षरित छायाप्रतियां तथा निर्धारित शपथ पत्र संलग्न कर दिनांक 08 मार्च 2026 से 12 मार्च 2026 तक पूर्वाह्न 11 बजे तक सीलबंद लिफाफे में कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, कानपुर नगर, विकास भवन में स्वयं अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से उपलब्ध करा सकती हैं। विलंब से प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र उपरोक्त अवधि में किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, कानपुर नगर से प्राप्त किए जा सकते हैं।

टिप्पणियाँ