न्याय धारा/कानपुर नगर। शुक्रवार 13मार्च 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास कृष्ण पक्ष की दसमी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 70 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बीएलओ सुपरवाइजर को सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजर से सीधा संवाद कर अभियान से जुड़े अनुभव और फीडबैक भी प्राप्त किए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण अभियान की सफलता में बीएलओ और सुपरवाइजर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और समर्पण के कारण ही यह अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो रहा है और मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाने का कार्य सफलतापूर्वक प्रगति पर है।
संवाद के दौरान किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 72 के बीएलओ संजय कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने बूथ के मतदाताओं का एक व्हाट्सएप समूह बनाकर आवश्यक सूचनाएं साझा कीं और घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार का विवरण एकत्र किया, जिससे कार्य समय से पूरा करने में सहायता मिली। बिठूर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 384 के प्रथम बार नियुक्त बीएलओ अंकित पटेल ने बताया कि प्रारंभ में कुछ कठिनाई हुई, लेकिन अधिकारियों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से कार्य सरलता से पूरा हो गया। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 115 के बीएलओ रवि कुमार ने कहा कि चुनौतियों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए कार्य किया और मतदाताओं का भी भरपूर सहयोग मिला। बीएलओ सोनिया गुप्ता, रमेश कुमार सचान, विनय कुमार तथा सुपरवाइजर विशाल यादव ने भी अपने अनुभव साझा किए।कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से पांच-पांच बीएलओ तथा दो-दो सुपरवाइजर को सम्मानित किया गया। बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र से राघवेंद्र प्रताप सिंह, शिव शंकर, बृजेंद्र कृष्ण वर्मा, यदुनाथ सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुनील कुमार और शैलेंद्र राजपूत को सम्मानित किया गया। बिठूर विधानसभा क्षेत्र से राकेश पाल, राजा भानु प्रकाश, अनु द्विवेदी, सचिन गुप्ता, शिवकरण, अंकित पटेल और पूजा पाल को सम्मानित किया गया।
कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से संतोष अवस्थी, दीपक मिश्रा, नीलम, रवि कुमार, ज्योत्सना, प्रज्ञा पाठक और प्रज्ञा वाजपेयी को सम्मानित किया गया। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र से आशीष कुशवाहा, श्याम किशोर, मिथिलेश वर्मा, अनामिका पांडेय, सुरेश चंद्र भारती, प्रवेश कुमारी और नम्रता त्रिपाठी को सम्मानित किया गया।सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र से विशाल यादव, मनीष सिंह, मनोज कुमार, अभिषेक गुप्ता, ध्रुव कुमार जायसवाल, विश्वनाथ प्रजापति और शाइस्ता परवीन को सम्मानित किया गया। आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र से आदित्य कुमार, मोहम्मद कामरान, कमलेश कुमार, मनोरमा, विभांशु सचान, शहनाज फातिमा और अंकित द्विवेदी को सम्मानित किया गया।
किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र से सुधांशु त्रिपाठी, शशांक दुबे, दीपक त्रिपाठी, संजय कुमार शर्मा, अनुराधा, मणिमा शुक्ला और रिंकू कालरा को सम्मानित किया गया। कानपुर कैंट विधानसभा क्षेत्र से अनुभव शुक्ला, आकाश अवस्थी, संगीता राठौर, अंकित पटेल, सुधीर कुमार, शिखा रानी गुप्ता और नेहा त्रिवेदी को सम्मानित किया गया। घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र से आदेश यादव, निशिथ मिश्रा, राम सिंह, अंबे निगम, प्रिया पोरवाल, आदर्श कुमार और योगेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में बीएलओ और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं ईआरओ के साथ समीक्षा बैठक
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की प्रगति की समीक्षा की और उनसे फीडबैक प्राप्त किया। बैठक में अभियान के विभिन्न चरणों, दावे-आपत्तियों और सुनवाई प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में लगभग 1.04 करोड़ मतदाताओं की मैपिंग नहीं पाई गई, जबकि 2.22 करोड़ मतदाताओं के नामों में तार्किक विसंगतियां सामने आईं। इन दोनों श्रेणियों के कुल 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए, जिनमें से लगभग 98 प्रतिशत मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। शेष मामलों की सुनवाई 27 मार्च तक जारी रहेगी, जबकि 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया एक सतत व्यवस्था है और विधानसभा अथवा लोकसभा चुनाव में नामांकन की अंतिम तिथि तक पात्र नागरिक अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं, जबकि नाम विलोपन और संशोधन के लिए फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की व्यवस्था है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग एरिया स्पष्ट रूप से निर्धारित करें, जिससे कोई क्षेत्र छूटे नहीं और किसी क्षेत्र में ओवरलैपिंग भी न हो। उन्होंने कहा कि इससे बूथ लेवल अधिकारियों को अपने बूथ क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने में सुविधा होगी और कोई भी पात्र नागरिक इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने बुक ए कॉल विद बीएलओ सेवा की भी समीक्षा की। बताया गया कि जनपद में इस सेवा के तहत 12 मार्च तक 29,535 नागरिकों से बीएलओ द्वारा निर्धारित 48 घंटे की समयावधि में संपर्क स्थापित किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्ण पारदर्शिता के साथ मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाएं, जिससे कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।
बैठक में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा, बसपा, सपा, कांग्रेस, अपना दल (एस), आम आदमी पार्टी तथा सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।




addComments
एक टिप्पणी भेजें