न्याय धारा/कानपुर नगर। गुरुवार 12मार्च 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास कृष्ण पक्ष की नवमी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना लाभार्थी प्रदर्शनी एवं ट्रेड फेयर-2026 (12–13 मार्च, 2026) का उद्घाटन गुरुवार को कार्यालय परिसर में मा० कैबिनेट मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हस्तशिल्प एवं वस्त्रोद्योग, उ0प्र0 सरकार राकेश सचान ने किया।
इस अवसर पर एमएसएमई-विकास कार्यालय के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 25 जनपदों के प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया। ट्रेड फेयर में 100 से अधिक विश्वकर्मा कारीगरों ने अपने पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई।
मुख्य अतिथि मा० मंत्री राकेश सचान ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री द्वारा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की शुरुआत की गई, जिसके लिए लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह योजना देश के पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों के कौशल को बढ़ावा देने तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने पर बल देते हुए कहा कि इससे विश्वकर्मा शिल्पकार आत्मनिर्भर बनेंगे और उनके हुनर को नई पहचान मिलेगी।
एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर के निदेशक वी.के. वर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा कारीगरों के व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एमएसएमई कार्यालय सदैव उनके साथ है। ऋण, तकनीकी दक्षता तथा उत्पादों के विपणन एवं प्रदर्शन से संबंधित सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सुरेन्द्र मैथानी, विधायक गोविन्द नगर, कानपुर ने कारीगरों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्पादों का अवलोकन किया और योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभों का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं नीलिमा कटियार, विधायक कल्याणपुर, कानपुर ने विश्वकर्मा उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए इस प्रकार के आयोजन के लिए एमएसएमई-विकास कार्यालय की सराहना की।
डा० भक्ति विजय शुक्ला, सहायक निदेशक, विस्तार केन्द्र सुगंध एवं सुरस विकास केन्द्र, कानपुर ने विश्वकर्मा उद्यमियों को उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में आलोक श्रीवास्तव, सहायक निदेशक एवं अवधेश सोनकर, डोमेन विशेषज्ञ (पीएम विश्वकर्मा) ने भी कारीगरों को व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।कार्यक्रम का संचालन अविनाश कुमार अपूर्व, सहायक निदेशक ने किया, जबकि अंत में एस.के. पाण्डेय, उपनिदेशक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।



addComments
एक टिप्पणी भेजें