न्याय धारा/कानपुर नगर। शनिवार 14मार्च 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास कृष्ण पक्ष की एकादशी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित पूर्वदशम छात्रवृत्ति, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना, शादी अनुदान योजना तथा कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के क्रियान्वयन एवं प्रभाव की समीक्षा करने हेतु डॉ. सन्त राम, ज्येष्ठ मूल्यांकन अधिकारी, नियोजन विभाग उ.प्र. शासन की अध्यक्षता में दो सदस्यीय मूल्यांकन दल द्वारा जनपद कानपुर नगर में 12 मार्च से 14 मार्च तक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत संचालित ‘ओ’ लेवल प्रशिक्षण के संबंध में प्रशिक्षणार्थियों एवं प्रशिक्षणदायी संस्थाओं डाटा एक्सपर्ट, पी. रोड तथा कानपुर इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट और प्रोफेशनल स्टडीज में आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण अवधि, प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा योजना के अंतर्गत दी जाने वाली धनराशि कम होने की बात कही गई, जिस पर ज्येष्ठ मूल्यांकन अधिकारी द्वारा संस्थाओं को गुणवत्तापरक प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए गए।इसी क्रम में शादी अनुदान योजना के अंतर्गत विकासखण्ड बिल्हौर एवं नगर क्षेत्र सदर के ग्राम रहीमपुर करीमपुर, अईमापुरा, सैबसू उत्तरी, त्रिवेणीगंज, नसीरापुर, दरियापुर, हलपुरा, रौगाँव तथा मो. सराय पनकी सहित विभिन्न स्थानों पर 20 लाभार्थियों से मिलकर योजना की उपयोगिता एवं आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ली गई।
इसके अतिरिक्त दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत इंडस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बिल्हौर, साई कॉलेज तातियागंज तथा कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी तातियागंज का निरीक्षण करते हुए छात्र-छात्राओं से छात्रवृत्ति आवेदन में आने वाली समस्याओं एवं योजना से उनके सामाजिक-आर्थिक जीवन पर पड़े प्रभाव की जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सन्त राम, ज्येष्ठ मूल्यांकन अधिकारी की अध्यक्षता में गठित मूल्यांकन दल के साथ सहायक अधिकारी पंकज वर्मा तथा बीरपाल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, कानपुर नगर भी उपस्थित रहे।

addComments
एक टिप्पणी भेजें