Customised Ads
राजकीय बाल गृह में आयुर्वेदाचार्या डॉ वंदना पाठक के सानिध्य में 'होली मिलन' का भव्य आयोजन

न्याय धारा/कानपुर नगर। मंगलवार 03मार्च 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा (होलाष्टमी समाप्त,चन्द्र ग्रहण), बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। राजकीय बाल गृह (बालिका), स्वरूप नगर में होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन मंगलवार को किया गया, इस उत्सव में बालिकाओं ने विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर नीमा (नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन) महिला फोरम कानपुर शाखा की सचिव वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्या डॉ वंदना पाठक ने बालिकाओं के साथ रंगों का उत्सव मनाते हुए उनके स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य हेतु सार्थक संवाद किया।

आयुर्वेदाचार्या डॉ वंदना पाठक ने ऋतुचर्या के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने इस बदलते मौसम में खान-पान की सावधानियों और 'स्वस्थ आहार' के चयन पर विस्तार से जानकारी दी, ताकि छात्राएं शारीरिक रूप से सुदृढ़ रह सकें। नीमा, महिला फोरम की अध्यक्ष डॉ. नीरजा दुबे ने छात्राओं को शारीरिक स्वच्छता (Personal Hygiene) के प्रति जागरूक किया। साथ ही उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में स्वच्छता का ध्यान रखना समग्र स्वास्थ्य के लिए कितना अनिवार्य है

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। बालिकाओं ने 'राधा-कृष्ण के स्वरूप में ब्रज की होली' के जीवंत स्वरूप को मंच पर उतारकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, एक बालिका द्वारा प्रस्तुत 'शिव तांडव' के प्रभावशाली प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा भर दी।

इस अवसर पर नीमा के वरिष्ठ सदस्य डॉ. निरंकार गोयल, विश्वविद्यालय से उप कुलसचिव डॉ. सरस कपूर, समाज कार्य विभाग से डॉ. सत्येंद्र सिंह चौहान सहित विभाग की छात्राएं वैशाली, शताक्षी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम के समापन पर सभी बालिकाओं को गुलाल लगाकर मिठाई देकर होली की शुभकामनाएं दीं।

टिप्पणियाँ