Customised Ads
नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित, जनपद में विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

न्याय धारा/कानपुर नगर। सोमवार 30मार्च 2026 (सूत्र/सूवि/पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। मुख्यमंत्री के कर कमलों द्वारा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को लोकभवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद स्तर पर भी किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, चयन समिति के सदस्यों तथा नवनियुक्त कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने सहभागिता की।

जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता एवं पूनम द्विवेदी द्वारा 04 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 50 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जनपद में 18 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा 10 ग्रामीण परियोजनाओं में 495 सहायिकाओं के चयन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जबकि शहरी परियोजनाओं (शहर प्रथम एवं शहर द्वितीय) में चयन प्रक्रिया जारी है।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना कार्यालय पतारा, ककवन एवं शिवराजपुर के भवनों का लोकार्पण तथा कल्याणपुर एवं सरसौल परियोजनाओं के भवनों का शिलान्यास किया गया। साथ ही जनपद में 80 नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण एवं सरसौल परियोजना में 03 नवीन डिजाइनयुक्त आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण का शिलान्यास भी किया गया।

विधायक नीलिमा कटियार ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं पर सामाजिक एवं पारिवारिक संरचना को सुदृढ़ बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभा रही हैं।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन के नेतृत्व में, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, प्रभारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा ने सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ