Customised Ads
विश्वविद्यालय मे कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित इनोवेशन वर्कशॉप

न्याय धारा/कानपुर नगर। सोमवार 09मार्च 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास कृष्ण पक्ष की षष्ठी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक के प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग द्वारा आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित इनोवेशन वर्कशॉप के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। "द ए आई एनहैंस्ड एजुकेटर" थीम पर इस वर्कशाप का आयोजन शिक्षा विभाग तथा संस्था अकैडलर्न द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। 

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर बोलते हुए विभागाध्यक्षा डॉ0 तनुजा भट्ट ने कहा कि विभाग विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है। आधुनिक समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिन क्षेत्रों में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण की आवश्यकता है उनसे संबंधित कार्यक्रम भविष्य में निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। 

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में आयीं, एआई प्रज्ञा मिशन की विश्वविद्यालय की नोडल अधिकारी  डॉ0 अंशु सिंह ने बोलते हुए कहा कि हमारे विश्वविद्यालय ने डेटा साइंस, मशीन लर्निंग और एआई से जुड़े अनेक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराए हैं जिनमें महाविद्यालयों को भी शामिल किया गया है।

इस सत्र में विश्वविद्यालय का लक्ष्य मिशन मोड में कार्य करते हुए अपने विद्यार्थियों को एआई के उपयोगकर्ता के साथ-साथ एआई संबंधित विभिन्न प्लेटफार्म विकसित करने के योग्य बनाना है। अकैडलर्न संस्था के संस्थापक अच्युत सिंह ने संस्था और उसके विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की। आज के अतिथि वक्ता के रूप में आए श्री ईशान सिंह ने एआई से संबंधित प्रारंभिक जानकारी से जुड़ा हुआ एक व्याख्यान भी विद्यार्थियों को प्रदान किया। हाइब्रिड मोड में आयोजित हो रही इस वर्कशॉप में 120 प्रतिभागियों द्वारा नामांकन किया गया है। 

कार्यक्रम का संयोजन डॉ0 गोपाल सिंह तथा संचालन डॉ0 रत्नर्त्तु: मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ0 रश्मि गोरे, डॉ0 प्रियंका मौर्या, डॉ0 विमल सिंह, डॉ0 बद्री नारायण मिश्रा, डॉ0 आर पी सैनी, डॉ0 कल्पना अग्निहोत्री, डॉ0 स्नेहा पांडे, डॉ0 कुलदीप सिंह, श्रीमती प्रिया तिवारी, श्री शिव चरण पटेल आदि उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ