Customised Ads
जे.के. मन्दिर में नव वर्ष सांस्कृतिक महोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन

  • संवत्सर पर “नव वर्ष गीता संदेश यात्रा”
  • युवाओं को जोड़ते हुए कर्म और कर्तव्य का संदेश देगी गीता यात्रा
  • रंगारंग कार्यक्रमों, संगीत व भजन प्रस्तुतियों के साथ साथ समारोह स्थल पर नव वर्ष के पंचाग वितरित किये जायेगें।                                            

न्याय धारा/कानपुर नगर। शुक्रवार 13मार्च 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास कृष्ण पक्ष की दसमी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक न्यास के प्रधान कार्यालय पालीवाल डायग्नोस्टिक्स पाण्डु नगर में आज पत्रकार वार्ता का आयोजन कर नव विक्रम संवत सर मनाए जाने के विषय में जानकारी दी गई।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्रीमद्भगवत गीता न्यास के केन्द्रीय अध्यक्ष डॉ उमेश पालीवाल ने बताया कि नव संवत्सर के पावन अवसर पर समाज में नैतिक मूल्यों, कर्तव्यबोध और सकारात्मक जीवन दृष्टि को प्रसारित करने के उद्देश्य से “नव वर्ष गीता संदेश यात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि समाज को भगवद्गीता के सार्वकालिक संदेश कर्म, कर्तव्य और समत्व से जोड़ने का प्रयास है।

उनके अनुसार वर्तमान समय में समाज अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है। मानसिक तनाव, सामाजिक विभाजन, प्रतिस्पर्धा और नैतिक मूल्यों का क्षरण। ऐसे समय में भगवद्गीता का संदेश जीवन में संतुलन, कर्तव्यनिष्ठा और आत्मविश्वास का मार्ग दिखाता है। इसी उद्देश्य से यह यात्रा निकाली जा रही है ताकि अधिक से अधिक लोग गीता के विचारों से प्रेरणा ले सकें।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि यात्रा का उद्देश्य समाज में सद्भाव, सकारात्मकता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करना है। आयोजकों ने नागरिकों से अपील की कि वे इस आयोजन में भाग लेकर नव संवत्सर के इस सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्सव को सफल बनाएं।

श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक न्यास के केन्द्रीय सचिव/महामंत्री श्री परमानन्द शुक्ला ने बताया कि भारतीय नव वर्ष (विक्रम संवत 2083) के शुभारम्भ दिवस चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च 2026, दिन गुरुवार) को गीता संदेश यात्राएं कानपुर के चारो भागों से अनेक स्थानों से आरम्भ होगी और पूरे नगर में भ्रमण कर सायंकाल 5 बजे श्री राधा कृष्ण मंदिर (जे. के. मन्दिर) पर समायोजित होगी। यहाँ पर सांस्कृतिक संध्या महोत्सव का आयोजन होगा। महोत्सव में मुख्य वक्ता के रूप में आ रहे आदरणीय पुरुषोत्तमदास जी महाराज (श्री अयोध्या धाम) के आशीर्वचन प्राप्त होंगे।

जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी गवर्नर रो. जसवीर सिंह भाटिया होंगे। इस अवसर पर प्रख्यात संगीतकार एवं भजन गायक श्री प्रदीप श्रीवास्तव अपने भक्ति भाव से ओत-प्रोत सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियाँ देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर प्रान्त के प्रान्त संघचालक भवानी भीख जी करेंगे। समिति के मानव श्रृंखला प्रभारी श्री कमल त्रिवेदी ने बताया कि इस वर्ष भजन संध्या कर ईश्वर के प्रति संगीतमय वातावरण हो जायेगा। जो कि बड़ा मनोरंजक होगा।

अंत में राजीव महाना ने समस्त नागरिकों को भारतीय नववर्ष मनाने की अपील करते हुये उन्हे कार्यक्रम में सम्मलित होने का अनुरोध किया।

 पत्रकार वार्ता में आरएसएस के अमरनाथ जी, कमल त्रिवेदी जी, अरूण मिश्रा जी, के.के शुक्ला जी, मुकेश पालीवाल जी, डॉ. रोचना विश्नोई, हरेन्द्र मुरझानी जी, प्रेम चन्द्र अग्निहोत्री, डॉ. यू. सी. सिन्हा, राजेन्द्र अवस्थी, सचिन शुक्ला, महेन्द्र सिंह, हिमांशू मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

नव संवत्सर अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार आगामी 19 मार्च 2026 को महानगर की यात्राओं का विवरण:-

● पूर्व भाग: सारी यात्राएँ त्रिमूर्ति मन्दिर, रामादेवी पर एकत्रित होंगी। यहाँ की यात्रा का निर्देशन महंत श्री अरुण चैतन्य पुरी जी महाराज और श्री राजीव महाना करेंगे। 

● पश्चिम भाग: यात्रा पनकी स्थित श्री पञ्चमुखी हनुमान मंदिर से महंत श्री जितेन्द्र दास जी महाराज और श्री प्रेम चन्द्र अग्निहोत्री के निर्देशन में निकलेगी। 

● उत्तर भाग: इस्कॉन मन्दिर, मैनावती मार्ग से श्री मुकेश पालीवाल के निर्देशन में, सरसैय्या घाट से डॉ. रोचना विश्नोई के नेतृत्व में तथा शास्त्री नगर में काली मठिया से श्री अरुण मिश्रा के नेतृत्व में यात्राएँ निकाली जाएंगी।

● दक्षिण भाग: सारी यात्राएँ दीप टॉकीज़ चौराहा, साकेत नगर में एकत्रित होकर यहाँ से श्री भूपेश अवस्थी, श्री राजेंद्र अवस्थी, श्री अखिलेश शुक्ला, श्री अनुपम मिश्रा व श्री आर. के. त्रिपाठी के नेतृत्व में संयुक्त यात्रा रवाना होगी।

टिप्पणियाँ