न्याय धारा/कानपुर नगर। रविवार 01मार्च 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी (होलाष्टमी प्रारम्भ), बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने होलिका दहन एवं होली पर्व के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि होली भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण एवं पारंपरिक पर्व है, जो आपसी प्रेम, सौहार्द, समरसता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाने और खुशियां साझा करने की प्रेरणा देता है।
मंत्री श्री शर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे होली का त्योहार मिलजुलकर, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों की असली भावना समाज में सद्भाव और अपनत्व को बढ़ावा देना है। सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए उत्सव को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
मंत्री श्री शर्मा ने विशेष रूप से प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल रंगों से होली खेलने का आग्रह किया। मंत्री जी ने कहा कि सिंथेटिक एवं रासायनिक रंग न केवल त्वचा और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं, बल्कि पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाते हैं। इस वर्ष होली के अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना योगदान दें।उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित होली मनाकर हम ‘स्वच्छ प्रदेश दृ स्वस्थ प्रदेश’ के संकल्प को भी साकार कर सकते हैं। साथ ही जल संरक्षण का भी ध्यान रखने की अपील की, ताकि अनावश्यक जल व्यर्थ न हो।
उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि होली के दौरान साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, सीवर व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदेशवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। मंत्री ए.के. शर्मा ने कामना की कि यह होली सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए।

addComments
एक टिप्पणी भेजें