Customised Ads
डिग्री से पहले मिला ऑफर लेटर, होटल मैनेजमेंट के बीएचएमसीटी कोर्स के 26 विद्यार्थियों को हुआ चयन

न्याय धारा/कानपुर नगर। सोमवार 30मार्च 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी, बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता और प्लेसमेंट उपलब्धियों से नई मिसाल कायम की है। होटल मैनेजमेंट एक अत्यंत रोजगारोन्मुखी (Job-Oriented) पाठ्यक्रम है, जिसमें छात्रों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक अवसर उपलब्ध हैं। 

इसी दिशा में विश्वविद्यालय निरंतर अपने छात्रों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के दूरदर्शी नेतृत्व में विभिन्न संकायों एवं विद्यालयों के शैक्षणिक मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसका सकारात्मक प्रभाव स्कूल में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है, जहां शिक्षा, प्रशिक्षण और उद्योग-संबंधित गतिविधियों को उच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के निदेशक सौरभ त्रिपाठी ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष बीएचएमसीटी (बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटररिंग टेक्नोलॉजी) पाठ्यक्रम के अंतिम सेमेस्टर के सभी विद्यार्थियों को उनकी डिग्री पूर्ण होने से पूर्व ही जॉब ऑफर लेटर प्राप्त हो चुके हैं। यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह दर्शाती है कि छात्रों को उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप कुशलता से प्रशिक्षित किया जा रहा है। संस्थान के विद्यार्थियों का चयन देश की प्रतिष्ठित एवं लग्ज़री होटल एवं फूड ब्रांड्स में हुआ है, जिनमें Bikanervala, Hyatt Regency, Trident Hotels, The Oberoi Group, Lite Bite Foods, Taj Hotels तथा Lavonne Bakery जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
इन सभी प्रतिष्ठानों में छात्रों को मैनेजमेंट ट्रेनी तथा एसोसिएट स्तर की महत्वपूर्ण भूमिकाओं के लिए चयनित किया गया है। इन नियुक्तियों के माध्यम से छात्रों को भारत के विभिन्न महानगरों एवं प्रमुख शहरों में कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे उनके करियर को एक मजबूत और उज्ज्वल दिशा मिलेगी। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि संस्थान द्वारा प्रदान की जा रही शिक्षा न केवल सैद्धांतिक है, बल्कि व्यावहारिक और उद्योग-केंद्रित भी है। 

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.विनय कुमार पाठक जी ने सभी को बधाई देते हुये कहा कि किसी भी संस्थान की उन्नति उसके बच्चों को मिलने वाले रोजगार से मापी जाती है।

टिप्पणियाँ