Customised Ads
विद्यार्थियों द्वारा कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘छात्र संसद ’26’ का आयोजन

न्याय धारा/कानपुर नगर। बुधवार 25मार्च 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास शुक्ल पक्ष की सप्तमी (चैत्र नवरात्रि उत्सव), बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज (SAHSS) के राजनीति शास्त्र के विद्यार्थियों द्वारा कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘छात्र संसद ’26’ का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न पाठ्यक्रमों के लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने लोक सभा सांसदों व स्पीकर जैसे विभिन्न रूपों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को संसदीय प्रक्रियाओं से परिचित कराना तथा समकालीन नीतिगत मुद्दों पर चर्चा को प्रोत्साहित करना था। 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप-प्रज्ज्वलन व सरस्वती वंदना से हुआ । स्कूल की निर्देशिका डॉ. किरण झा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर, लोकतंत्र में विचारों के आदान-प्रदान की महत्ता की बात रखी । स्कूल के सह-निर्देशक डॉ. मानस उपाध्याय और राजनीति शास्त्र के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. आशुतोष सक्सेना ने भी सभा को संबोधित करते हुए छात्र-छात्राओं को हर स्तर पर बेहतर करने के लिए व लोकतंत्र के योगदानकर्ता नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया। निर्णयकमंडल के रूप में डॉ. मानस उपाध्याय, दर्शनशास्त्र के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. डी सी श्रीवास्तव व अटल विहारी बाजपाई स्कूल ऑफ लीगल स्टडीस के सह-आचार्य श्री मोहित अवस्थी उपस्थित थे ।  

संसद के प्रथम सत्र में प्रश्नकाल आयोजित किया गया जिसमें विपक्ष की ओर से अनेक राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रश्न पूछे गए, जैसे डीपफेक वीडियो और साइबर सुरक्षा नीति, पेपर लीक, छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य संकट, मध्य-एशिया का संकट इत्यादि। इनके उत्तर सूचना एवं प्रसारण मंत्री, शिक्षा मंत्री, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री आदि की भूमिका में प्रतिभागीयों ने दिए। 

द्वितीय सत्र में “समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक” पर विधाई कार्यवाही प्रारंभ हुई, जिसमें प्रस्तावक एवं विपक्ष के विद्यार्थियों द्वारा तीखा वाद-विवाद हुआ जिसके उपरांत विधेयक पर मतदान कराया गया, जिसके पारित होने पर सत्र का समापन हुआ। स्पीकर के रूप में एम ए समाजशास्त्र के छात्र अर्जेंट दुबे ने भूमिका का समुचित निर्वहन किया। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि सीएसजेएम यूनिवर्सिटी के कॉलेज डेवलपमेंट कौंसिल के निर्देशक प्रो. आर. के. द्विवेदी व डॉ किरण द्वारा सम्पन्न हुआ। 

पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ वक्ता का पुरस्कार बी ए अर्थशास्त्र की छात्रा तूबा व बी ए राजनीतिशास्त्र के छात्र कार्तिकेय को, सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता का पुरस्कार बी ए राजनीतिशास्त्र के प्रभात और एम ए समाजशास्त्र की मेहक को, तथा समग्र सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता का पुरस्कार बी ए राजनीतिशास्त्र की अदिति को प्रदान किया गया।

टिप्पणियाँ